द फॉलोअप डेस्क
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में हटिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रांची ग्रामीण पश्चिमी जिला से युवा समाजसेवी सुमित साहू के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नवसदस्यों का पार्टी पट्टा पहनाकर स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जिसमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। देश और राज्य के विकास की जिम्मेदारी युवाओं पर है तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही पार्टी का मूल मंत्र है। उन्होंने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे पिछले 11 वर्षों से 140 करोड़ लोगों की सेवा कर रहे हैं। आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य में खराब कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासियों के कल्याण में भी विफल रही है। सदस्यता ग्रहण करने के बाद सुमित साहू ने इसे अपने लिए सौभाग्य बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने वाली पार्टी है और वे इसकी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्थापना दिवस से पहले बड़ी संख्या में युवाओं का जुड़ना पार्टी की बढ़ती मजबूती का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासनकाल में राज्य में विकास हुआ, जबकि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने राज्य में बिगड़ी कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। विधानसभा में मुख्य सचेतक सह हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और युवाओं का इसमें जुड़ना स्वाभाविक है। इससे हटिया विधानसभा सहित पूरे राज्य में संगठन को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में निशांत, गौरव मोनू, बिक्कू, राज, राजेश सिंह, अमित, जीतू, शशि स्मिथ, शिवम चौबे, रोहित, रवि, शुभम, मनीष सिंह, शिव लखन प्रसाद, राम लखन प्रसाद, अमन, इंद्रजीत, प्रिंस, सचिन, शुभम, आदित्य, उदित, अभिषेक, कोमल, श्रेष्ठ, विनायक, उत्तम, अभिनंदन, राज पाठक, शिवम पांडे, यश, हर्ष, मनी, सिद्धू, रमन, हर्षित, कृष, विवेक, युवराज, सौरव, हरि ओम, रवि रंजन, मुकेश ठाकुर सहित अन्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन योगेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर रांची ग्रामीण पश्चिमी के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुबोध साहू, रवि उरांव, शिवम पांडे, इन्द्रजीत सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।