द फॉलोअप टीम, पटना:
जन अधिकार पार्टी (जाप) और जेल में बंद जाप सुप्रीमो पप्पू यादव के लिए एक बड़े झटके की खबर है। जाप के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उमैर उर्फ टिक्का खान ने आज कांग्रेस का दामन थाम लिया। दिल्ली में हुए मिलन समारोह में वो बाकायदा कांग्रेस में शामिल हो गए। मौक़े पर वरिष्ठ नेता तारिक़ अनवर, शकीलुज़्ज़मा अंसारी और कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी मौजूद थे। इधर, पूर्व मंत्री अख़लाक़ अहमद के भी जाप छोड़कर चिराग़ पासवान की लोजपा में शामिल होने की चर्चा है। उनकी चिराग से मुलाक़ात भी हो चुकी है।

इमरान प्रतापगढ़ी बने सारथि
पप्पू यादव के हालांकि टिक्का खान बहुत करीबी माने जाते रहे हैं। लेकिन नेता के जेल जाने के बाद कांग्रेस ने उन पर डोरे डालने शुरू कर दिए थे। इनमें इमरान प्रतापगढ़ी का नाम सफे-अव्वल था। टिक्का खान और इमरान की मुलाकात कुछ दिन पहले भी कांग्रेस के ही दफ्तर में हुई थी।

हाल में टिक्का बने थे जाप के प्रदेश प्रवक्ता
28 जून को टिक्का खान को पप्पू यादव ने जन अधिकार पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता भी बनाया था। टिक्का खान जिला परिषद के सदस्य और पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हैं। शेरघाटी से वो भी विधानसभा चुनाव में लड़ चुके हैं।