द फॉलोअप टीम, गढ़वा:
भाजयुमो गढ़वा जिला इकाई द्वारा जिलाध्यक्ष रितेश चौबे की अध्यक्षता में हेमंत सरकार का विरोध किया गया। मौके पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष रितेश चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जब सत्ता में नही थे तो उन्होंने कहा था कि जब झामुमो की सरकार आएगी तो पांच लाख युवाओं को रोजगार देंगे। रोजगार नहीं देने की स्थिति में पांच से सात हजार रुपए महीना बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था।
सत्ता के लालच में वादा भूले मुख्यमंत्री!
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि अगर बेरोजगारी भत्ता नहीं दे सका तो आजीवन राजनीति से संन्यास ले लूंगा लेकिन सत्ता के लालच में मुख्यमंत्री अपना वादा भूल गए। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार बनने के बाद युवाओं के साथ भारी धोखा किया गया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले चाईबासा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि झामुमो सरकार युवाओं को रोजगार देने में सक्षम नहीं है। युवाओं को बकरी. मुर्गा, अंडा, सुअर बेचकर अपना जीवन यापन करना चाहिए। मुख्यमंत्री के इस ब्यान से युवाओं का अपमान हुआ है।

झारखंड का युवा अब चुप नहीं बैठेगा!
भाजयुमो ने कहा कि झारखंड के युवा अब चुप नही बैठेगा। उन्होंने कहा कि भाजयुमो के कार्यकर्ताओं द्वारा हेमंत सरकार के खिलाफ गढ़वा जिला सहित पूरे झारखंड में युवाओं ने मुर्गा और अंडा बेचकर प्रदर्शन किया है। आने वाले समय में हेमंत सरकार के खिलाफ गढ़वा जिला के तमाम युवा संगठित हो कर बड़ा आंदोलन को बाध्य होंगे। मौके पर भाजपा जिला महामंत्री संतोष दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान से युवा निराशा हैं।
पलायन को मजबूर है झारखंड का युवा
कार्यकर्ताओं ने कहा कि झारखंड का युवा रोजगार के लिए पलायन को मजबूर है। ऐसे धोखेबाज मुख्यमंत्री से झारखंड का भला नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि गढ़वा जिला सहित पूरे झारखंड में अराजकता का माहौल है। गौरतलब है कि इस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी बृजेन्द्र पाठक संजीत तिवारी भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप भाजयुमो जिला मंत्री संजय जायसवाल जिला मिडिया प्रभारी लक्ष्मीकांत पाण्डेय सहित अन्य कई लोग मौजूद थे।