द फॉलोअप टीम, बोकारो
भाजपा के दबंग विधायक और बाघमारा के टाइगर नाम से मशहूर ढुल्लू महतो अक्सर विवादों में घिरे रहते हैं। जमीन और कोयले पर वर्चस्व को लेकर ढुल्लू महतो जरूर सुर्खियां बटोर लेते हैं। ताजा मामला एक ऑडियो वायरल होने का है। बेरमो अनुमंडल के चंद्रपुरा प्रखंड क्षेत्र की दुगदा बस्ती के रहनेवाले विश्वजीत कुमार झा नामक व्यक्ति का बाघमारा विधायक ढुलू महतो से जमीन विवाद को लेकर फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
रास्ते की जमीन को लेकर विवाद
वायरल वीडियो में किसी स्थान में रास्ता की जमीन को विश्वजीत झा की ओर से रैयती जमीन बताया जा रहा है, जबकि विधायक ढुलू महतो ग्रामीणों के जाने आने के लिए वर्षों पुराना रास्ता बताते हुए जीएम लैंड होने की बात कह रहे हैं। ऑडियो में रैयत विश्वजीत व विधायक के बीच तीखी बातचीत हुई है। पूरी बातचीत खोरठा भाषा में हुई है। हम इसे हिंदी में रुपांतरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
'बाघमारा में नेतागीरी कीजिए'
विश्वजीत झा कह रहे हैं कि जमीन रैयती है। आप बाघमारा में नेतागीरी कीजिए, कुछ नहीं कर पाइयेगा, आपके पिताजी भी कुछ नहीं कर सकते। हम पागल नहीं हैं कि रास्ता रोकेंगे, आप विधायक हैं, आपसे कैसे सकेंगे। किसी से भी बात कर लीजिए।
विधायक का जवाब
उलटा-पुलटा मत बोलो। गांव का आदमी गोली नहीं मारता है। थाना की चमचागीरी कर रहे हो। जमीन रैयती नहीं है तो छोड़ देना। कौन हवा में उड़ रहे हो, अनूप सिंह को कह देना विधायक जी फोन किये थे। उसको भी औकात का पता चला देंगे।
ढुल्लू ने ऑडियो वायरल से इंकार किया
इस मामले में ढुल्लू महतो ने किसी से कोई बात होने साफ इंकार किया है। उन्होंने कहा कि बेरमो में पांच गांव की बैठक में उन्हें बुलाया गया था। जहां ग्रामीणों द्वारा आने-जाने वाले रास्ते को किसी के द्वारा रोके जाने की बात कही गयी। उन्होंने ऑडियो वायरल के मामले में कहा कि इस मामले में किसी से कोई बात नहीं हुई है। सारे आरोप गलत और बेबुनियाद हैं। इस तरह से मुकर जाना उनकी फितरत है। ये बाघमारावासियों को पता है।