द फॉलोअप टीम, रांची:
यूपीएससी 2020 का परिणाम जारी किया जा चुका है। बीते वर्ष की तरह इस वर्ष भी झारखंड के अभ्यार्थियों ने सफलता का परचम लहराया है। गौरतलब है कि राजधानी रांची के अरुणीश शुक्ला ने भी यूपीएससी में सफलता हासिल की है। अरुणीश शुक्ला ने संघ लोक सेवा आय़ोग की परीक्षा में 304वां स्थान हासिल किया है। उल्लेखनीय बात ये है कि अरूणीश ने ये सफलता अपने पहले ही प्रयास में हासिल की है। उनकी कामयाबी से रांची जिले का नाम भी रौशन हुआ है। माता-पिता भी खुश हैं।

रांची से हुई थी प्रारंभिक शिक्षा
गौरतलब है कि अरुणीश शुक्ला की प्रारंभिक शिक्षा रांची से ही हुई है। उन्होंने साल 2013 में जेवीएम श्यामली से 12वीं की परीक्षा पास की। 2017 में बीआईटी मेसरा से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इस समय भी अरुणीश टीआइएस मुंबई से प्रबंधन की पढ़ाई कर रहे हैं।

पॉलिटिकल साइंस था मुख्य विषय
अरूणीश शुक्ला ने यूपीएससी की परीक्षा में पॉलिटिकल साइंस को मुख्य विषय के रूप में चुना था। इसका ये फायदा होता है कि प्रशासन संबंधी जानकारी के साथ करेंट अफेयर्स भी बेहतर होता चला जाता है। इसमें ज्यादा बड़ा सिलेबस भी नहीं होता। पिता अरूण कुमार शुक्ला सीसीएल में अधिकारी हैं। मां निर्मला कॉलेज रांची में शिक्षिका रह चुकी हैं। अरुणीश के माता-पिता का कहना है कि उनका बेटा बचपन से ही पढ़ने में मेधावी था। प्रशासनिक सेवा में जाना उसका सपना था और उसने ये कर दिखाया।