logo

बीजेपी में शामिल हो गये रील लाइफ राम ! अरुण गोविल ने थाम लिया पार्टी का दामन

6564news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली:  
राम अब ऑफिशियली भारतीय जनता पार्टी के हो गये। राम ने भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन कर ली। नहीं नहीं! असली वाले राम नहीं बल्कि रामायण धारावाहिक में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के हेडक्वार्टर में पार्टी महासचिव अरूण सिंह ने अभिनेता अरूण गोविल को बीजेपी की सदस्यता दिलाई। 

पीएम मोदी की नीतियों से प्रभावित अरुण गोविल
भारतीय जनता पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होने जा रहा है। अरुण गोविल इस बात से काफी खुश हैं। अरुण सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर अरुण गोविल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। बंगाल सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले अरुण गोविल का भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने सियासी गलियारों में चर्चा की वजह बन गया है। 

1977 में अरुण गोविल ने किया था एक्टिंग डेब्यू
बता दें कि मेरठ के केंट इलाके में अरुण गोविल का जन्म हुआ था। सहारनपुर और शाहजहांपुर से उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की। मथुरा से बीएससी किया। ग्रेजुएशन के बाद गोविल ने बतौर करियर एक्टिंग को चुना। अपना एक्टिंग डेब्यू 1977 में किया था। बॉलीवुड में अरुण गोविल ने सावन को आने दो, लव-कुश, रामायण द लीजेंड, अय्याश, पहेली, सांच को आंच नहीं, राधा और सीता, गीत गंगा, गुमसुम, ससुराल,गंगा धाम और जियो तो ऐसे जियो जैसी कई फिल्मों में काम किया। बड़े पर्दे पर कई फिल्में करने के बाद अरुण गोविल को पहचान छोटे पर्दे पर मिली। 

रामायण से अरुण गोविल को मिली थी पहचान
अरुण गोविल को वास्तविक पहचान मिली रामानंद सागर कृत रामायण से। रामायण धारावाहिक 1987 में प्रसारित हुआ। इस धारावाहिक में अरुण गोविल ने भगवान राम की भूमिका निभाई थी। ये धारावाहिक और इसमें भगवान राम का किरदार निभा रहे अरुण गोविल दोनों घर-घर में मशहूर हो गये। हालात यहां तक पहुंचे कि अरूण गोविल को लोग भगवान राम ही मानने लगे। बीच में ऐसा वक्त भी आया जब अरुण गोविल मेनस्ट्रीम से दूर हो गये। लॉकडाउन के दौरान दूरदर्शन में रामायण का प्रसारण किया गया।
इससे अरुण गोविल फिर लाइमलाईट में आये। कई रियलिटी शो में रामायण में लक्ष्मण बने सुनील लहरी और सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखालिया के साथ नजर आये। बीच-बीच में देश में चल रहे मुद्दों पर भी अपनी राय रखते नजर आये। 

कितनी कामयाब रहेगी राजनीतिक पारी
अब अरुण गोविल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। जाहिर है कि उन्हें अब राजनीतिक आक्षेपों का सामना करना पड़ेगा। राय रखनी पड़ेगी। आलोचना भी झेलनी होगी और आलोचना करनी भी होगी। देखना दिलचस्प होगा कि रील लाइफ भगवान राम अरुण गोविल की राजनीतिक पारी कितनी कामयाब होती है।