logo

लड़की ने कहा था बहन को तेंदुए ने उठा लिया, ड्रोन से हुई निगरानी तो झूठी निकली कहानी

12943news.jpg

द फॉलोअप टीम, अलवर

पिछले दिनों अलवर के हमीरपुर से एक घटना सामने आयी थी कि एक 20 साल की युवती को तेंदुए ने उठा लिया है। लेकिन यह कहानी झूठ निकली। दरअसल युवती ने बताया कि घर वाले उसकी पढ़ाई छुड़वाकर उससे घर का काम करवा रहे थे। इसलिए उसने ऐसा किया। युवती अलवर के बस स्टैंड से मिली है। पूछताछ में उसने बताया कि वह शौच करने गई थी। फिर अचानक खुद ही गायब हो गई थी, इसके बाद युवती की छोटी बहन ने परिवार को बताया था कि बहन को तेंदुआ उठाकर ले गया है।

ड्रोन कैमरे व डॉग स्क्वॉड से जंगल में ढूंढ़ा
छोटी बहन के बयान के आधार पर करीब 3 किलोमीटर के जंगल में युवती को तलाशा गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था। ड्रोन कैमरे से भी उसे तलाशा गया। फिर डॉग स्क्वॉड से खोजा गया। करीब 50 ग्रामीणों ने जंगल में तलाश की थी। अगले दो दिन तक भी ग्रामीणों की निगाह जंगल की तरफ थी, लेकिन युवती को जंगली जानवर के ले जाने जैसे कोई सुराग नहीं मिले थे।

लड़की ने क्या कहा
लड़की ने बताया कि हम चार बहनें हैं। मैं सबसे बड़ी हूं। दो भाई हैं। तीनों बहन पढ़ती हैं। मैं भी 10वीं तक पढ़ चुकी हूं। एक साल पहले ही घरवालों ने पढ़ाई छुड़ा दी थी और सिर्फ घर का काम कराते थे, जबकि दूसरी बहनें पढ़ाई करती थीं। घर के कामों से परेशान होकर मैं बाहर निकल गई थी। बुधवार की सुबह घर से निकलकर मेन रोड आ गई। किसी से लिफ्ट लेकर बानसूर पहुंची। वहां से खैरथल, रेवाड़ी होते हुए अलवर आ गई। दो दिन तक सफर करती रही। रात को अलवर बस स्टैंड पर रुकी। दो दिन बाद मुझे लगा कि परिवार वाले परेशान होंगे, इसलिए अलवर के बस स्टैंड के पास आ गई। वहां पुलिस मिल गई और मेरा सच सबके सामने आ गया।