द फॉलोअप टीम, जमशेदपुरः
कोरोना के बढ़ते संक्रमण ने फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। संक्रमण और तेजी से ना हो इसके लिए राज्य सरकार ने दो जनवरी तक सभी पार्कों को बंद करने का फैसला लिया है। दरअसल कोरोना के नये वैरिएंट ओमिक्रॉन की वजह से कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। एक्सपर्टस् का भी कहना है कि अभी सावधानी नहीं हुए तो तीसरी लहर के आने से इनकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए राज्य सरकार पहले से चौक्कनी हो गयी है। ऐसे में रांची, बोकारो, धनबाद सहित राज्य के विभिन्न जिलों के सभी पार्क को दो जनवरी तक बंद करने का आदेश दे दिया गया है।

उपायुक्त ने लिखा था पत्र
पूर्वी सिंहभूम के डिसी सूरज कुमार ने दो दिन पहले टाटा स्टील यूटीलिटीज इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सर्विसेज लिमिटेड के महाप्रबंधक को पत्र लिखा था, जिसमें कहा था कि पार्क में लोगों की बेतहाशा भीड़ लग रही है। कोई भी कोरोना के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रहा है। इसे कंपनी पालन कराए, वरना जुबिली पार्क की वजह से शहर में कोरोना संक्रमण फैला तो कंपनी प्रबंधन जवाबदेह होगा। उन्होने पत्र में यह भी कहा था कि अविलंब जुबिली पार्क में 15-20 वोलेंटियर रखे जाएं लोगों को कोरोना नियमों का पालन करवाया जाए। पार्क में बड़े-बड़े पोस्टर-बैनर लगाए, जो लोगों को कोरोना वायरस से सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करेगा। लेकिन इनमें से एक भी काम अब तक नहीं हो पाया है। उपायुक्त ने अपनी चिंता सरकार से जता दी।

एक संक्रमित भाग गया था
उपायुक्त सूरज कुमार व वरीय आरक्षी अधीक्षक डा. एम तमिल वणन ने सोमवार को संयुक्त आदेश जारी किया, जिसमें कहा गया कि जुबिली पार्क व डिमना लेक समेत शहर के 16 पार्क व पिकनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी में कोरोना जांच की जाएगी। यह इसलिए करना पड़ रहा है, क्योंकि इससे पहले जुबिली पार्क में जांच के बाद कोरोना पाजिटिव निकला युवक स्वास्थ्य कर्मियों की पकड़ से भाग गया था। डिमना लेक में भी लोग कोरोना जांच करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों से झगड़ा कर रहे थे।