logo

16 अक्टूबर को होगी अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की बैठक, चुनाव सहित इन मुद्दों पर होगी चर्चा

13642news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की बैठक नई दिल्ली में 16 अक्टूबर को आयोजित होगी। विजयादशमी के एक दिन बाद आयोजित होने वाली इस अहम बैठक में वर्तमान राजनीतिक स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव और संगठनात्मक चुनावों पर चर्चा हो सकती है। गौरतलब है कि काफी वक्त से इसकी मांग की जा रही थी। बता दें कि सीडब्ल्यूसी की बैठक पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होगी जिसमें कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। 

नेतृत्व संकट से जूझ रही है कांग्रेस पार्टी
गौरतलब है कि बीते काफी समय से कांग्रेस नेतृत्व संकट से जूझ रही है। राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद से पार्टी को कोई स्थायी अध्यक्ष नहीं मिल सका है। कुछ महीने पहले कांग्रेस के जी-23 यानी 23 वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी थी जिसमें पार्टी संगठन में बड़े बदलाव की मांग की थी। इसमें कांग्रेस कार्यसमिति में सदस्यों की नियुक्ति से लेकर राज्य और जिला मुख्यालत तक में कई बड़े परिवर्तन की मांग की गई थी। गुलाब नबी आजाद ने इसकी अगुवाई की थी। फिलहाल पार्टी कई राज्यों में नेताओं के बीच आपसी विवाद में भी उलझी है। 

राजस्थान में सचिन औऱ अशोक का घमासान
छत्तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब और झारखंड में पार्टी के नेता किसी भी मसले पर एकमत नजर नहीं आते। राजस्थान में युवा सचिन पायलट और अनुभवी अशोक गहलोत के बीच सत्ता का संघर्ष जारी है। सचिन पायलट मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं लेकिन पार्टी हाईकमान को अशोक गहलोत पर भरोसा है। कई बार बीच में सचिन पायलट के बीजेपी में जाने की बात सामने आ चुकी है। पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच विवाद इतना बढ़ा कि अमरिदंर सिंह को इस्तीफा देना पड़ा। वो बीजेपी में जा सकते हैं। चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाया गया लेकिन उनके कामकाज से नाखुश होकर नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि उनका इस्तीफा पार्टी हाईकमान ने स्वीकार नहीं किया और वो इन दिनों लखीमपुर खीरी में हैं। 

छत्तीसगढ़ में भी जारी है सत्ता का संघर्ष
छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस में सब ठीक नहीं है। प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बीच सत्ता का संघर्ष जारी है। सिंहदेव ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले पर मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं लेकिन भूपेश बघेल को ये स्वीकार्य नहीं है। इस बात को लेकर दोनों पार्टी और उनके गुट के नेता दिल्ली जाकर प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात कर चुके हैं। झारखंड में भी हाल ही में नेतृत्व परिवर्तन करते हुए डॉ. रामेश्वर उरांव की जगह राजेश ठाकुर को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। झारखंड में भी नीचे से ऊपर तक कई बदलाव किये गये हैं।