द फॉलोअप टीम, रांची:
14 जुलाई को हिनू स्थित पेंटालून के सामने अल्ताफ नामक व्यक्ति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी अली ने रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। अली को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण उसने सरेंडर कर दिया। अली ने रांची एसीजेएम अजय गुड़िया की कोर्ट में सरेंडर किया है। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बता दें कि हत्या जमीन विवाद में की गई थी। हत्याकांड में शामिल 10 अपराधियों को पहले ही गिरफ्तार किया गया था।

कई आरोपी गिरफ्तार
अंदाजा लगाया जा रहा है कि पुलिस अली को रिमांड में ले सकती है, और उससे कुछ पूछताछ की जा सकती है। गिरफ्तार अपराधियों में राशिद अंसारी, साहेब खान, मोहम्मद चांद ,मोहम्मद राज, निजार अख्तर, शाहबाज करतूस, राशिद अंसारी, सरफराज कुरैशी मोहम्मद वारिस और सैफ अली खान शामिल है। इनमें से कई लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड भी हैं। राशिद अंसारी के खिलाफ डोरंडा थाना में पांच, लोअर बाजार थाना में एक और सुखदेवनगर थाना में एक मामला दर्ज है।

कई चीजें बरामद हुई
गिरफ्तार अपराधियों के पास से 11 गोली का खोखा, तीन पिस्टल, दो बाइक, एक स्कूटी समेत कई अन्य सामान बरामद हुए हैं। बता दें की अल्ताफ की ह्त्या किसी जमीनी विवाद के वर्चस्व को लेकर हुई थी।