द फॉलोअप टीम, मुंबई:
एक्टर अक्षय कुमार की मां अरुणा भाटिया अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उन्होंने बुधवार को 77 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। अक्षय ने खुद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। अक्षय कुमार की मां के निधन पर फैंस समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स भी उनके पोस्ट पर कमेंट कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कुछ दिन पहले अरुणा भाटिया को उम्र से जुड़ी परेशानियों के चलते मुंबई के हीरानंदानी अस्पताल में भर्ती किया गया था। वहां उन्हें पिछले 6 दिन से ICU में रखा गया था।
अक्षय ने पोस्ट किया
अक्षय कुमार ने अपने पोस्ट में लिखा, "वे मेरी रीढ़ थीं। और आज मैं अपने अस्तित्व के मूल में एक असहनीय दर्द महसूस कर रहा हूं। मेरी मां श्रीमती अरुणा भाटिया आज सुबह शांतिपूर्वक इस दुनिया को छोड़कर दूसरी दुनिया में मेरे पिता के साथ फिर से मिल गईं। मैं आपकी प्रार्थनाओं का सम्मान करता हूं, क्योंकि मैं और मेरा परिवार इस दौर से गुजर रहे हैं। ओम शांति।"

कल जन्मदिन है अक्षय का
अक्षय कुमार के लिए यह बेहद ही मुश्किल समय है क्योंकि कल ही यानी 9 सितंबर को उनका जन्मदिन है और उससे ठीक एक दिन पहले उनकी मां ने दुनिया से अलविदा कह दिया। इससे पहले अक्षय कुमार ने फैंस की दुआओं के लिए आभार जताया था। उन्होंने एक पोस्ट के माध्यम से कहा था , "आप लोगों ने मेरी मां की सेहत के लिए जो चिंता जाहिर की है, उसने मेरे दिल को छू लिया। इसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता हूं। ये मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत मुश्किल वक्त है। आपकी हर एक दुआ बहुत मददगार साबित होगी।" अक्षय कुमार अपनी मां के बेहद करीब थे। उन्होंने कई मौकों पर मां के प्रति अपने प्रेम को जाहिर किया है। उनके पिता आर्मी ऑफिसर थे और उन्होंने काफी समय पहले ही दुनिया को अलविदा कह दिया था। अक्षय की एक बहन भी हैं, जिनका नाम अलका है।