logo

इंडिया, इंडियन और नेशनल शब्द इस्तेमाल नहीं कर सकते उच्च शिक्षण संस्थान, AICTE ने दिया अल्टीमेटम

इंडिया, इंडियन और नेशनल शब्द इस्तेमाल नहीं कर सकते उच्च शिक्षण संस्थान, AICTE ने दिया अल्टीमेटम

द फॉलोअप डेस्क:

India Indian National Words Ban: अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने अपने नाम में India, Indian और National जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने वाले निजी उच्च शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि वे अगले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले इन शब्दों को हटा लें या अपने संस्थान का नाम बदल लें। ऐसा नहीं करने पर परिषद खुद उनके नाम से इन शब्दों को हटाने की कार्रवाई कर सकती है। इस कदम का उद्देश्य छात्रों के बीच किसी निजी संस्थान के सरकारी होने को लेकर पैदा होने वाले भ्रम को दूर करना है।

दिसंबर 2025 के निर्देश के बाद भी जारी है इस्तेमाल

AICTE ने दिसंबर 2025 में भी इस संबंध में निर्देश जारी किए थे, लेकिन इसके बावजूद कई निजी संस्थान अपने नाम के साथ इन शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। परिषद से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, देशभर में करीब 200 निजी उच्च शिक्षण संस्थान ऐसे हैं, जो अपने नाम में इन शब्दों का किसी न किसी रूप में उपयोग कर रहे हैं। AICTE ने ऐसे संस्थानों को पत्र लिखकर नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है।

सरकारी मंजूरी के बिना इस्तेमाल पर रोक

AICTE के अनुसार, सरकार की अनुमति के बिना India, Indian और National जैसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। प्रतीक और नाम (अनुचित उपयोग की रोकथाम) अधिनियम, 1950 के तहत भी इस तरह के इस्तेमाल पर प्रतिबंध से जुड़े प्रावधान हैं। इन शब्दों का इस्तेमाल भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जैसे संस्थानों के नामों में किया जाता है। हालांकि, AICTE ने स्पष्ट किया है कि नाम बदलने से निजी संस्थानों को पहले से मिली मंजूरी प्रभावित नहीं होगी, लेकिन उन्हें निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना होगा।

Tags - National News Latest National News AICTE Notice to Private Colleges AICTE Name Change Rules India Indian National Words Ban