द फॉलोअप टीम, रायबरेली:
यूपी विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही नेताओं के पाला बदलने का सिलसिला जारी है। अब यूपी की रायबरेली सदर विधानसभा सीट से विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में अदिति सिंह ने लिखा है कि, महोदया, मैं अवगत कराना चाहती हूं कि मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं। कृपया इसे स्वीकार करने का कष्ट कीजिये। गौरतलब है कि अदिति सिंह बीते कई वर्षों से पार्टी लाइन से अलग बोलती रही हैं। उन्होंने कई मसलों पर भारतीय जनता पार्टी का समर्थन किया।

कांग्रेस से अलग स्टैंड लेती रही हैं अदिति
गौरतलब है कि अदिति सिंह कुछ महीने पहले ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुकी हैं लेकिन उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया था। कहा जा रहा है कि अदिति सिंह ने इस्तीफा इसलिए नहीं दिया था क्योंकि इससे उनकी विधानसभा की सदस्यता चली जाती। गौरतलब है कि अनुच्छेद-370, राम मंदिर को लेकर फैसला या फिर यूनिफॉर्म सिविल कोड का मसला हो, अदिति सिंह हमेशा भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में बोलती रही हैं। अदिति सिंह का कहना है कि वो प्रधानमंत्री मोदी के काम करने के तरीकों और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों से प्रभावित रही हैं। वो इससे काम करना चाहती हैं।

चुनाव की घोषणा के साथ ही पाला बदलना जारी
बता दें कि अदिति सिंह बीते कई महीनों से लगातार कांग्रेस पार्टी से अलग स्टैंड लेती रही हैं। काफी पहले से ही ये कयास लगाया जा रहा था कि अदिति सिंह भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकती हैं और ऐसा हुआ भी। गौरतलब है कि हाल ही में भारतीय जनता पार्टी के भी कई मौजूदा विधायकों ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। स्वामी प्रसाद मौर्य, धर्म कुमार सैनी और दारा सिंह जैसे योगी कैबिनेट के मंत्री भी समाजवादी पार्टी में जा चुके हैं। सपा के भी कई नेता बीजेपी के साथ आये हैं।