द फॉलोअप टीम, मुंबई:
टीवी के प्रसिद्ध एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का निधन हो गया है। बताया जा रहा है उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। पिछले ही साल उन्होंने टीवी शो बिग बॉस का खिताब जीता था। वे 40 साल के थे। मुंबई के कूपर अस्पताल में सिद्धार्थ की डेड बॉडी रखी गई है। उनका पोस्टमार्टम इसी अस्पताल में किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक़ उन्होंने रात में कुछ दवाइयां ली थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। यह पता नहीं है कि उन्होंने कौन सी दवाइयां ली थीं। लेकिन मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
मॉडलिंग से करियर की शुरुआत, बॉलीवुड में भी छाए
मुंबई में 12 दिसंबर 1980 को जन्मे सिद्धार्थ शुक्ला ने अपने करियर की शुरुआत एक मॉडल के तौर पर की थी। साल 2004 में उन्होंने टीवी से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। 2008 में वह बाबुल का आंगन छूटे ना में दिखे थे, लेकिन उन्हें पहचान बालिका वधू सीरियल से मिली। इस सीरियल ने उन्हें घर-घर तक पहुंचा दिया था। टीवी इंडस्ट्री में सफलता के बाद सिद्धार्थ शुक्ला ने बॉलीवुड में भी कदम रखा। साल 2014 में आई हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया में भी वहे दिखे। इसी साल उनकी ब्रोकन बट ब्यूटीफल नाम की वेब सीरीज आई थी, जिसने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
