logo

बिहार के दुकानों में मिल रहा है 60 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल

11212news.jpg

द फॉलोअप टीम, पटना:

देश में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें बेतहाशा बढ़ती जा रही हैं। आम लोगों का जीवन महंगाई से त्रस्त है। लेकिन एक जगह है जहां पेट्रोल बिलकुल आधे दामों में बेचा जा रहा है। जी हां बिलकुल सही पढ़ रहे हैं आप।  बांका जिला के बाराहाट व आसपास के कई गावों में पेट्रोल 60 रुपया लीटर मिल रहा है। ग्रामीण सड़कों के किनारे, चाय दुकान पर व पान की दुकान पर मिलावटी पेट्रोल व डीजल बेच रहे हैं। भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग के महाराणा हाट, मोतिहाट, भेड़ा मोड़, पंजवारा रेलवे हाल्ट व राजघाट के अलावे भी ऐसी कई किराना स्टोर व चाय की दुकान है जहां मिलावटी पेट्रोल व डीजल धड़ल्ले से बिक रही है। दरअसल दुकानदारों को थोक विक्रेता के से मात्र 60 रुपया प्रति लीटर में यह मिलावटी पेट्रोल मिल रहा है। 

मोतीहाट के कारोबारी से फ़ैल रहा धंधा 
इस काले धंधे का मुख्य सरगना मोतीहाट का एक कारोबारी है। यही कारोबारी छोटे-छोटे दुकानदारों को सस्ते दामों में पेट्रोल दिया करता है। गांव वालों ने कारोबारी का नाम नहीं छापने की शर्त रखी है। ग्रामीणों का कहना है कि उनको मिलावट की जानकारी नहीं थी। मिलावटी पेट्रोल से बाइक की इंजन खराब होती है इससे कई बार ग्रामीणों का दुकानदार से झगड़ा भी हो रहा है।  एमओ उमाशंकर कुमार ने बताया कि मिलावटी पेट्रोलियम पदार्थ बेचने की अनुमति नहीं है। अगर कोई इस काले धंधे से जुड़ा हुआ मिला और उसकी पहचान हो गई तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी। 

इंजन पर पड़ रहा प्रभाव 
लोग सस्ता पेट्रोल और डीजल देखकर खरीद तो रहे हैं लेकिन इसका असर तुरंत ही उन्हें देखने को मिल रहा है। गाड़ियों में खराबी आ रही है। इंजन ख़राब हो रहे है।  वहीं इस मामले में ऑटो एक्सपर्ट पवन कुमार कहते हैं कि मिलावटी तेल से इंजन पर बुरा असर पड़ता है। वाहन के कार्बोरेटर और भॉल्व भी ख़राब हो सकते हैं। मिलावटी पेट्रोल व डीजल डालने से वाहन चलने लायक नहीं रहेगा।