द फॉलोअप डेस्क:
National News: सोशल मीडिया पर इन दिनों केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय के नाम से जारी एक कथित गजट नोटिफिकेशन (Gazette Notification) तेजी से वायरल (Viral) हो रहा है। इस दस्तावेज में दावा किया जा रहा है कि सरकार (Government) ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) समेत देश के सभी सरकारी बैंकों में अब हर शनिवार को छुट्टी घोषित कर दी है। वायरल नोटिफिकेशन के सामने आने के बाद बैंक ग्राहकों के बीच भी असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, सरकार की ओर से इस तरह का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। PIB फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर वायरल दावे को फर्जी बताया है। PIB के मुताबिक, वित्त मंत्रालय ने सभी शनिवार को बैंकों में छुट्टी घोषित करने संबंधी कोई गजट नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह दस्तावेज पूरी तरह नकली है।
A Gazette circulating on social media , purportedly issued by the Ministry of Finance (Department of Financial Services), claims that the Central Government has declared every Saturday a public holiday for all Public Sector Banks , including SBI.#PIBFactCheck:
— PIB Fact Check (@PIBFactCheck) October 1, 2026
❌ The document… pic.twitter.com/ClCqEt2UAX
वायरल गजट नोटिफिकेशन को PIB ने बताया फर्जी
PIB फैक्ट चेक ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा कथित सरकारी नोटिफिकेशन वास्तविक नहीं है। वित्त मंत्रालय की ओर से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में हर शनिवार छुट्टी लागू करने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। मौजूदा व्यवस्था के तहत सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है, जबकि अन्य शनिवार को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहती हैं। 2015 में सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश घोषित किया था। PIB फैक्ट चेक ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे दस्तावेजों और दावों पर बिना पुष्टि भरोसा न करें। केंद्र सरकार या उसके किसी मंत्रालय से जुड़ा कोई संदेश या दस्तावेज संदिग्ध लगे तो उसकी जानकारी आधिकारिक स्रोतों से जांचनी चाहिए।
.jpeg)
5-डे वर्किंग और सभी शनिवार छुट्टी की मांग पर चल रही बातचीत
दरअसल, बैंक कर्मचारी संगठन लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन काम और सभी शनिवार को छुट्टी घोषित करने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक देशव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया था। हालांकि, 27 सितंबर को भारतीय बैंक संघ (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच बातचीत के बाद प्रस्तावित हड़ताल को टाल दिया गया। बैठक में बैंकों में सभी शनिवार को छुट्टी करने की मांग पर विचार के लिए एक उच्चस्तरीय समिति बनाने पर सहमति बनी।
.jpeg)
शनिवार की छुट्टी पर बनेगी हाईलेवल कमेटी
IBA और UFBU के बीच हुए समझौते के तहत सभी शनिवार को छुट्टी घोषित करने की मांग पर विचार करने के लिए एक हाईलेवल कमेटी बनाई जाएगी। इसमें बैंक प्रबंधन और बैंक कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कमेटी अलग-अलग पक्षों से बातचीत करके ऐसा विकल्प तलाशेगी, जिससे कर्मचारियों की पांच दिन काम करने की मांग और बैंक ग्राहकों की जरूरतों के बीच संतुलन बनाया जा सके। इसलिए फिलहाल सभी शनिवार को बैंक बंद करने का फैसला लागू नहीं हुआ है।
.jpeg)
40 मिनट ज्यादा काम करने का भी प्रस्ताव
बैंक कर्मचारियों की ओर से पांच दिन के कार्य सप्ताह के बदले सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना करीब 40 मिनट अतिरिक्त काम करने का प्रस्ताव भी सामने आया है। हालांकि, इस व्यवस्था को लेकर भी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। मौजूदा बातचीत में पांच दिन के कार्य सप्ताह को लागू करने के अलग-अलग विकल्पों पर चर्चा की जा रही है। इनमें शनिवार को पूरी तरह छुट्टी रखने के अलावा बैंकिंग सेवाओं और ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अन्य मॉडल पर भी विचार किया जा सकता है।
PLI स्कीम और पुराने लंबित मुद्दों पर भी चर्चा
बैंक यूनियनों और IBA के बीच बातचीत में वरिष्ठ बैंक अधिकारियों की परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम से जुड़े मुद्दे भी शामिल हैं। यूनियनों की आपत्तियों और स्कीम में संभावित बदलावों पर आगे चर्चा की जाएगी। इसके अलावा मार्च 2024 में हुई बातचीत से जुड़े कुछ लंबित मुद्दों को भी दोबारा उठाकर उनके समाधान की दिशा में बातचीत आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है।
हड़ताल के दौरान रविवार को खुले थे बैंक
28 से 30 सितंबर के प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार ने ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं से दूर रहने से बचाने के लिए 27 सितंबर, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खोलने का फैसला किया था। वित्त मंत्रालय ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी थी और RBI ने भी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को उस दिन संचालित करने की मंजूरी दी थी।
नोटबंदी के बाद भी रविवार को खुले थे बैंक
देश में इससे पहले भी विशेष परिस्थितियों में रविवार को बैंक खोले गए हैं। नवंबर 2016 में नोटबंदी के दौरान पुराने 500 और 1000 रुपये के नोट जमा करने, बदलने और नकदी निकालने के लिए बैंकों में भारी भीड़ उमड़ी थी। उस समय ग्राहकों की सुविधा और बढ़ती भीड़ को देखते हुए रविवार को भी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई गई थीं। हालांकि, वर्तमान स्थिति में सभी शनिवार को बैंक बंद करने का कोई सरकारी आदेश जारी नहीं हुआ है। सभी शनिवार की छुट्टी की मांग पर IBA और बैंक यूनियनों के बीच बनी समिति आगे विचार करेगी। इसलिए वायरल हो रहे कथित गजट नोटिफिकेशन को सच मानकर भ्रमित होने की जरूरत नहीं है।