logo

Election Result 2023 LIVE : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा

द फॉलोअप डेस्कः

5 राज्यों में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के बाद 4 राज्यों में वोटों की गिनती जारी है। शाम 6:39 बजे तक तस्वीर काफी हद तक साफ हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश की सत्ता में पूर्ण बहुमत के साथ वापसी कर रही है वहीं राजस्थान में भी बढ़त हासिल कर रखी है। बीजेपी ने अप्रत्याशित तरीके से छत्तीसगढ़ में भी सरकार बनाने लायक बहुमत का आंकड़ा छू लिया है। इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजभवन पहुंचे जहां वह अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप देंगे। अशोक गहलोत ने हार स्वीकार करते हुए बीजेपी को बधाई दी। साथ ही अशोक गहलोत ने बीजेपी से आग्रह किया है कि उनके कार्यकाल में शुरू की गई कल्याणकारी योजनाएं बंद न की जाए। 

 

 

 

कहां कितनी सीटें

राजस्थान की 199 सीटों पर हुए हैं चुनाव

तेलंगाना में विधानसभा की हैं 119 सीटें

 मध्य प्रदेश में 230 सीटों पर हुए हैं चुनाव

 छत्तीसगढ़ की 90 सीटों के आएंगे रिजल्ट

मध्य प्रदेश : अधिकारियों ने बताया कि मप्र की 230 विधानसभा सीटों की गिनती 52 जिला मुख्यालयों पर होगी। इस चुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके पूर्ववर्ती और प्रतिद्वंद्वी कमल नाथ जैसे राजनीतिक दिग्गजों सहित 2,533 उम्मीदवार मैदान में हैं। चौहान ने दावा किया कि उनकी पार्टी भारी बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखेगी, जबकि राज्य कांग्रेस प्रमुख कमल नाथ ने कहा कि उन्हें राज्य के मतदाताओं पर पूरा भरोसा है। 

एमपी में कितनी हुई है वोटिंग: प्रदेश के एक चुनाव अधिकारी ने कहा कि राज्य में रिकॉर्ड 77.82 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 2018 के चुनावों की तुलना में 2.19 प्रतिशत अधिक है।

राजस्थान : राजस्थान की 199 सीटों पर 1800 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं, जहां पिछले तीन दशकों में हर पांच साल में सत्ता कांग्रेस और भाजपा के बीच बदलती रही है।
कितनी वोटिंग हुई: 25 नवंबर को हुए मतदान 75.45 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले. साल 2018 के गत विधानसभा चुनाव में 74.71 प्रतिशत मतदान हुआ था, इस बार मतदान 0.73 प्रतिशत बढ़ा। राज्य की करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार के निधन के कारण चुनाव स्थगित किया गया है।

छत्तीसगढ़ : यहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव सहित कुल 1,181 उम्मीदवार मैदान में हैं. इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव (दोनों कांग्रेस से) और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सीएम रमन सिंह शामिल हैं. पाटन सीट, जिसका प्रतिनिधित्व बघेल करते हैं, वहां त्रिकोणीय मुकाबला है, जहां भाजपा ने मुख्यमंत्री के दूर के भतीजे और लोकसभा सांसद विजय बघेल को मैदान में उतारा है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सीएम दिवंगत अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी भी पाटन से मैदान में हैं।

कितने प्रतिशत मतदान हुआ: राज्य विधानसभा के 90 सीटों के लिए सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था। 76.31 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। यह 2018 के विधानसभा चुनाव में दर्ज 76.88 प्रतिशत मतदान से कुछ कम है।

तेलंगाना : 119 सीटों वाली तेलंगाना विधानसभा के लिए 2,290 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें बीआरएस सुप्रीमो चंद्रशेखर राव, उनके मंत्री-पुत्र केटी रामा राव, टीपीसीसी अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी और भाजपा के लोकसभा सदस्य बंदी संजय कुमार, डी अरविंद और सोयम बापू राव शामिल हैं। चुनाव पूर्व समझौते के तहत भाजपा और जनसेना ने क्रमशः 111 और 8 सीटों पर चुनाव लड़ा/ असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली एआईएमआईएम ने शहर के नौ क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं। मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव दो क्षेत्रों-गजवेल और कामारेड्डी से चुनाव लड़ रहे हैं। 

कितनी वोटिंग हुई थी: तेलंगाना में 30 नवंबर को हुए चुनाव में कुल 3.26 करोड़ मतदाताओं में से 71.34 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया