logo

बर्धमान से जैश आतंकी गिरफ्तार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर हमले की साजिश की आशंका

ेपहवपाल्ह.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिम बंगाल के बर्धमान से सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध जैश-ए-मोहम्मद आतंकी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. हामिद के रूप में हुई है, जिसे बर्धमान के रेनेसां हाउसिंग से एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी के पास मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की गतिविधियों, वीआईपी दौरों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मुख्यमंत्री पर हमले की साजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।


पुलिस रिमांड में होगी गहन पूछताछ
गिरफ्तार आरोपी को बर्धमान अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे, क्या वह किसी बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा था और राज्य में उसके अन्य सहयोगी सक्रिय हैं या नहीं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, मो. हामिद मूल रूप से हावड़ा के पीलखाना इलाके का रहने वाला था और एक कपड़ा कारखाने में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह दो महीने पहले बर्धमान आया था। जांच एजेंसियों को संदेह है कि उसने पाकिस्तान में प्रशिक्षण लिया था और वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में था। उसके कथित तौर पर सज्जाद भट समूह और अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है।


स्थानीय लोगों ने बताई संदिग्ध गतिविधियां
स्थानीय निवासियों के अनुसार, हामिद पिछले दो-तीन महीनों से अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। पड़ोसियों का कहना है कि वह मोहल्ले के लोगों से बहुत कम मेलजोल रखता था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य समय-समय पर उससे मिलने आते थे। इस बीच भाजपा विधायक और पूर्व एनएसजी कमांडर दिपांजन चक्रवर्ती ने दावा किया कि ऐसे आतंकियों को स्थानीय स्तर पर समर्थन मिल रहा है और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। वहीं, जांच एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हैं।

Tags - West Bengal Burdwan Jaish e Mohammad Terrorist Arrest STF Shubhendu Adhikari