पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में सोमवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह होटल के एसी में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
सावन सोमवार पर पहुंचे थे श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि सावन सोमवार के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु तारापीठ मंदिर के दर्शन के लिए पहुंचे थे और पास के एक होटल में ठहरे हुए थे। सुबह करीब 4:30 बजे, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, तभी होटल में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया।
फायर ब्रिगेड ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। होटल में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि घायलों को इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई आपबीती
हादसे में बची कोलकाता की एक महिला ने बताया कि अचानक पूरा होटल धुएं से भर गया। सांस लेना मुश्किल हो गया था और बाहर निकलने का कोई रास्ता दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने कहा कि बड़ी मुश्किल से उनकी जान बच सकी।