रांची:
सरपंच प्रत्याशी बनने के पांच उद्देश्य क्या हैं ? सरपंच बनने पर आप पांच साल में क्या-क्या करेंगे ? चुनाव से पहले किए गए पांच जनसेवा कार्य बताएं ? चुनाव जीतने के बाद क्या इस तरह घर-घर घूमेंगे, जैसा वोट मांगने के लिए घूम रहे हैैं?आप अपनी पंचायत को कैसा बनाने का सपना देखते हैं ? आपके पंचायत में वार्ड कितने हैैं और जनसंख्या कितनी है?इससे पहले के सरपंच के बारे में आप क्या जानते हैं? यह सवाल किसी परीक्षा के ही हैं, लेकिन जानकर हैरान रह जाएंगे कि वोटर्स ने अपने-अपने प्रत्याशियों से उक्त प्रश्नों के जवाब मांगे हैं। लोकतंत्र की यह नई तस्वीर ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की मालूपाड़ा गांव से सामने आई है।
यह भी पढ़ें:
आयोग ने पंचायत चुनाव का प्रस्ताव किया तैयार, मार्च, अप्रैल, मई में हो सकते है इलेक्शन

झारखंड में मार्च के बाद पंचायत चुनाव होने की संभावना है। लेकिन ओडिशा में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कुतरा पंचायत के आदिवासी बहुल मालूपाड़ा गांव के ग्रामीणों ने सरपंच पद के उम्मीदवारों की लिखित और मौखिक परीक्षा ली है। जिसमें आठ प्रत्याशियों में पांच फेल हो गए।

इस पंचायत में 18 फरवरी को चुनाव होना है। इस अनोखे परीक्षा में पास ललिता बिरुवा का कहना है कि वे तीन बार से लगातार कुतरा पंचायत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इनके अलावा परीक्षा में फेल प्रत्याशियों को उम्मीदवारों का परीक्षा लेना सही निर्णय लगा।