logo

शातिर : 61 साल के शख्स ने 7 राज्यों में की 14 शादियां, कोई डॉक्टर है तो कोई मॉडल

61 साल के शख्स ने 7 राज्यों में की 14 शादियां, कोई डॉक्टर है तो कोई मॉडल

 

भुवनेश्वरः
ओडिशा पुलिस ने एक बुजुर्ग आशिक मिजाज शख्स को गिरफ्तार किया है। इस शख्स पर आरोप है कि उसने 7 राज्यों में 14 महिलाओं के साथ शादी की है।  आरोपी का नाम रमेश चंद्र स्वांई है। जिसकी उम्र 61 साल बताई जा रही है। आरोपी पेशे से खुद को होम्योपैथी का बहुत बड़ा डॉक्टर बताता है। डॉक्टर ने कोलकाता, मुंबई, हैदराबाद, भुवनेश्वर, दिल्ली सहित विभिन्न शहरों की 14 महिलाओं से शादी की है। 


साइट से महिलाओं को फंसाता था 
आरोपी ने आनॅलाइन विवाह वेबसाइटों पर हाईप्रोफाइल बैकग्राउंड वाली अपनी कई प्रोफाइल बनाई हैं। इसी प्रोफाइल से वह देशभर की महिलाओं को फंसाया करता था। जैसे ही महिलाएं उसके झांसे में आती थी वह उनसे शादी कर लेता था। आरोपी का घर ओडिशा के केन्द्रापड़ा जिले के भगवानपुर में है। उसके पास से 11 एटीएम कार्ड, 4 आधार कार्ड, एक कार एवं कई कागजात जब्त किया है। आरोपी ने 20 साल में 14 शादियां की हैं। उसके किसी भी पत्नी को एक दूसरे के बारे में नहीं पता था। वह सभी पत्नियों को लूटता था। 

कोई मॉडल है तो कोई डॉक्टर 
इन 14 पत्नियों में डॉक्टर, वकील एवं मॉडल भी शामिल हैं। इसके पांच बेटे भी हैं। महिलाओं को लूटना इसका मुख्य उद्देश्य है। बिहार के एक स्कूल के सर्टिफिकेट पर अपनी फोटो दिखाता था। गाड़ी में लालबत्ती व नेम प्लेट लगाकर फोटो विभिन्न सोशल साइट पर डालता था। भुवनेश्वर के डीआईजी उमाशंकर दास ने कहा कि बेहतर जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई जाएगी। इसके साथ ही आरोपी ने और कितनी महिलाओं को ठगा या शादी की है। डीआईजी उमाशंकर दास ने कहा कि रमेश सबसे ज्यादा असम में रहा है। हम इसकी 14 पत्नियों में से 9 पत्नियों से पहले ही संपर्क कर चुके हैं। इसकी आर्थिक स्थिति की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने इस तरह का झांसा देकर कितना पैसा लूटा है। आरोपी पर विवाह के नाम पर लाखों ठगी करने का भी आरोप है। रमेश मुख्य रूप से उन महिलाओं को निशाना बनाता है जिन पर भरोसा करने वाला कोई नहीं रहता।