द फॉलोआप डेस्क
अजमेर दरगाह में उर्स के दौरान हंगामा और मारपीट हुई है। जानकारी के मुताबिक विवादित नारे को लेकर ये मारपीट हुई है। इसमें खादिम और जायरीन आपस में भिड़ गए। इस भिड़ंत में कई लोगों को चोट लगी है। ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में 811वें उर्स के दौरान ये झड़प हुई है। हंगामा सालाना उर्स की छठी रात को शनिवार की रात को हुआ। पुलिस का कहना है कि नारेबाजी के चलते बरेलवी और खादिम आपस में भिड़ गए। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। शांति भंग के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है। फिलहाल दरगाह क्षेत्र में माहौल शांतिपूर्ण है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

नारेबाजी की वजह से हुई झड़प
झड़प के होते ही दरगाह के थाना प्रभारी अमर सिंह भाटी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बात करके मामले को शांत करवाया। उन्होंने दोनों पक्षों की भी आपस में बात करवाई और नारेबाजी की वजह से हुई झड़प के मामले को शांत करवा दिया। हालांकि, झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो गया है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं।दरअसल, खादिमों का आरोप है कि बरेलवी समाज के लोगों ने दरगाह में नारेबाजी की थी जिसका उन लोगों ने विरोध किया. हालांकि, कहा ये भी जा रहा है कि दरगाह में मौजूद जन्नती दरवाजे के पास नारेबाजी करने वाले लोगों के साथ खादिमों की झड़प हो गई, इसमें कई लोग घायल हो गए. इस मामले में किसी प्रकार की कोई शिकायत पुलिस स्टेशन में दर्ज नहीं करवाई गई है।
2018 में भी हुआ था हंगामा
बता दें की दरगाह में 2018 में भी इस तरह की नारेबाजी को लेकर हंगामा हुआ था। इस मामले की शिकायत अंजुमन की ओर से प्रशासन को दिए पत्र में भी की गई थी। उससे पहले जगह-जगह पोस्टर लगाकर अपील की गई थी कि ख्वाजा साहब की शान में ही नारे लगाए जाएं, कदीमी कलमा पढ़ा जाए।
