द फॉलोअप, दिल्ली
नीट विवाद पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्ष जितने घंटे चाहे, सरकार 10 से 20 घंटे तक भी इस विषय पर चर्चा करने को तैयार है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर सीजेपी के कार्यकर्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण वार्ता हुई है और सरकार छात्रों के हितों को लेकर गंभीर है।
जेपी नड्डा ने नीट और विभिन्न राज्यों में हुए कथित पेपर लीक मामलों को लेकर विपक्ष, खासकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।

गैर भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक हुए
जेपी नड्डा ने कहा कि केवल नीट को लेकर राजनीति करना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना (बीएड), पश्चिम बंगाल (पुलिस भर्ती), केरल और कर्नाटक सहित कई राज्यों में भी पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि इन राज्यों के मामलों पर उन्होंने आवाज क्यों नहीं उठाई। नड्डा ने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों के हितों से अधिक राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से इस मुद्दे को उठा रहा है।
.jpeg)
पेपर लीक पर प्रधानमंत्री गंभीर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री इस पूरे मामले को लेकर गंभीर हैं और सरकार चाहती है कि संसद में इस विषय पर व्यापक चर्चा हो। उन्होंने कहा कि चर्चा के दौरान यह भी सामने आना चाहिए कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक की घटनाओं पर किस तरह कार्रवाई की और अन्य राज्य सरकारों ने ऐसे मामलों में क्या कदम उठाए ताकि भविष्य में छात्रों के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो। उन्होंने दोहराया कि सरकार चर्चा से पीछे हटने वाली नहीं है और विपक्ष जितना समय चाहे, सरकार बहस के लिए तैयार है।