logo

बड़ा बयान : उमा भारती ने कहा मैं भाजपा के लिए वोट मांगूंगी, मगर आप अपना हित देखकर करना 

उमा भारती ने कहा मैं भाजपा के लिए वोट मांगूंगी, मगर आप अपना हित देखकर करना 

डेस्कः 
भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का बड़ा बयान चर्चा का विषय है। छतरपुर में उमा भारती का सीएम की कुर्सी छोड़ने का दर्द फिर छलक उठा है। उमा भारती ने बयान देते हुए कहा कि मैं सरकार बनाती हूं, फिर कोई और सरकार चलाता है। वह यहीं चुप नहीं हुईं उन्होंने कहा है कि मेरी फोटो दिखाकर लोधियों के वोट लिए जाते हैं। सभाओं में मैं भाजपा के लिए वोट मांगूंगी, क्योंकि मैं पार्टी की निष्ठावान सिपाही हूं। लेकिन आप अपना हित देखकर वोट दीजिएगा। मैं तो सबको कहती हूं कि भाजपा को वोट करो लेकिन आप पार्टी के निष्ठावान सिपाही नहीं हैं, इसलिए आप राजनीतिक बंधन से आजाद हैं। आपका अपना हित जिसमें लगता हो आप उसे वोट करे। मैं हर बार भाजपा के पक्ष में वोट मांगूंगी। लेकिन, आपको उसी को वोट देना है, जिसने आपका सम्मान रखा हो। दरअसल यह  बातें उमा भारती ने लोधी-लोधा समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन में कही। कार्यक्रम के दौरान उमा भारती ने कई बात बेबाकी से रखी। साथ ही इस दौरान 2024 में चुनाव लड़ने के संकेत भी उन्होंने दिए हैं। कहा, उनकी तरफ से कभी भी चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान नहीं किया गया। उन्होंने ने सिर्फ 2019 का चुनाव नहीं लड़ने को कहा था लेकिन यह कभी नहीं कहा कि मैं कोई चुनाव नहीं लड़ूंगी। 


मेरी फोटो दिखाकर वोट मांगे जाएंगे
उमा ने कहा- मैं कभी नहीं कहती कि लोधियों, तुम भाजपा को वोट करो। मैं आपको कई बार इस बंधन से आजाद कर चूकी हूं कि मेरी फोटो देखकर, भाषण सुनकर वोट दें। करीब 50 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जिनमें से 27 में आप जिसको चाहे जिता सकते हैं। यूपी में 70 सीटें ऐसी हैं। वहीं, राजस्थान, उप्र और मध्यप्रदेश को जोड़ दिया जाए तो 30-40 लोकसभा सीटों पर लोधियों का अधिकार है। आपको चुनाव के समय मेरा फोटो दिखाया जाएगा। ऐसे में आपका दिल आ जाता है कि हमारा नेता जिधर है, हम भी उधर हैं। लेकिन आपको भावनाओं में नहीं बहना है। अपने पुराने अंदाज में उन्होंने शेर सुनाते हुए कहा कि ये तेरा ही नूर है, जो चमकता है मेरे चेहरे पर, वरना मुझे कौन पूछता है। उमा ने कहा कि आपको मैं खुलकर बोल रही हूं, मैंने किसी की रजिस्ट्री नहीं की है। बता दें कि उमा भारती को मध्य प्रदेश सीएम की कुर्सी एक साल में ही छोड़ना पड़ा थाऔर उसके बाद फिर उन्हें सीएम बनने का मौका नहीं मिला। इसलिए एक बार फिर उमा भारती का ये दर्द छलक उठा है।


किस भावना से यह बात कही है समझना होगा 
उमा भारती के बयान पर भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने कहा, वह पार्टी का मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने ऐसा क्यों कहा है यह समझने का विषय है। उमा जी हमारी ताकत हैं। उमा भारती लोधी समाज की बहुत कद्दावर नेता हैं। वे भाजपा के नुकसान के बारे में सोच ही नहीं सकतीं हैं। वह हमेशा यह प्रार्थना करती हैं कि भाजपा फले-फूले और देश का विकास हो।