logo

अजब-ग़ज़ब : फेसबुक का प्यार महिला को खींच लाया शिमला से भोपाल, दोनों ने अपने पति को छोड़कर रचाई शादी

फेसबुक का प्यार महिला को खींच लाया शिमला से भोपाल, दोनों ने अपने पति को छोड़कर रचाई शादी

भोपाल

भोपाल से समलैंगिक शादी का एक मामला सामने आया है। यहां दो महिलाओं के पहले तो फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई और उसके बाद प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों ने एक दूसरे से शादी कर ली। और अब सुरक्षा की गुहार लेकर पुलिस के पास पहुंची हैं। दोनों महिलाओं में एक महिला नेपाली है, जो शिमला में रहती है। दूसरी महिला भोपाल मे रहती है। इस प्रेम कहानी की शुरूआत  शिमला से हुई। नेपाली महिला की भोपाल वाली महिला से फेसबुक पर दोस्ती हुई। यह दोस्ती बढ़ी कि दोनों ने एक साथ रहने का फैसला लिया। शिमला की महिला भोपाल आई। दोस्ती प्यार में बदल गई और फिर दोनों ने शादी कर ली। दोनों ने गाजियाबाद में शादी की। 

दोनों महिलाओं के बच्चे
नेपाली महिला के दो बच्चे हैं, जबकि भोपाल वाली महिला का एक बच्चा है। भोपाल वाली महिला ने अपने पति को छोड़ दिया है जबकि शिमला वाली महिला अपने पति को छोड़कर आई थी। शिमला में महिला के पति ने पत्नी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जब इस बात का पता नेपाली संगठन चला तो खलबली मच गई। संगठन ने पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने एडीसीपी रिचा चौबे को पूरी बात बताई। चौबे ने मामले की जांच की तो  पता चला कि नेपाली महिला निशातपुरा थाना इलाके में रह रही है। महिला का पति भी भोपाल आ गया है। 

अपनी मर्जी से साथ रह रहीं महिलाएं
बता दें, जब महिलाओं की काउंसलिंग कराई तो पता चला कि दोनों  बिना किसी दबाव के और अपनी इच्छा से एक साथ रह रही थीं। अपराध डीसीपी विनीत कपूर ने बताया कि दोनों महिलाएं बालिग हैं और उन पर किसी का कोई दबाव नहीं है।  काउंसलिंग के बाद शिमला वाली महिला अपने पति के साथ रहने के लिए तैयार हो गई। इसमें किसी तरह का अपराध नहीं हुआ है। इसलिए काउंसलिंग के बाद भोपाल वाली महिला को भी जाने दिया गया।