logo

मानवता : हिंदू बहनों ने पिता की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए ईदगाह को दान में दी 4 बीघा जमीन

 हिंदू बहनों ने पिता की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए ईदगाह को दान में दी 4 बीघा जमीन

काशीपुर: 
सांप्रदायिक सौहार्द को परिलक्षित करती एक खबर सामने आई है। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में दो हिंदू बहनों ने 4 बीघा जमीन ईदगाह के लिए दान कर दी है। जमीन की कीमत 1 करोड़ है। दरअसल, यह उनके पिता की आखिरी इच्छा थी। बहनों ने यह कदम ईद के मौके पर उठाया। इन बहनों के दान ने मुसलमानों के दिल को छू लिया है और उन्होंने भी मंगलवार को दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। ये घटना छोटे से शहर काशीपुर में चर्चा का विषय बनी हुई है। 


2003 में हुआ था पिता का निधन
दरअसल 20 साल पहले ब्रजनंदन प्रसाद रस्तोगी (दिवंगत) ने अपने करीबी रिश्तेदारों को बताया था कि वह अपनी चार बीघा कृषि भूमि ईदगाह के दान देना चाहते हैं। हालांकि, अपने बच्चों को अपनी अंतिम इच्छा बताने से पहले ही उनका 2003 में निधन हो गया। दिल्ली और मेरठ में रह रही बेटियों सरोज और अनीता को हाल में इसके बारे में पता चला तो उन्होंने तत्काल अपने भाई राकेश से सहमति ली। राकेश भी इस पर तुरंत राजी हो गया। 


मुस्लिम समुदाय ने कहा शुक्रिया
ईदगाह कमेटी के हसीन खान ने कहा, ‘‘दोनों बहने सांप्रदायिक एकता की जीती-जागती मिसाल हैं। ईदगाह कमिटी उनकी इस उदारता के लिए उनका आभार व्यक्त करती है। दोनों बहनों का जल्द ही अभिनंदन किया जाएगा।