द फॉलोअप डेस्क
बाबा नगरी देवघर और मायानगरी मुंबई के बीच की दूरी अब कम हो गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि आज से देवघर और मुंबई के बीच सीधी फ्लाइट शुरू हो रही है। यह फ्लाइट सप्ताह में 3 दिन चलेगी। वहीं, विमान सेवा शुरू होने के बाद यात्री महज 2 घंटे 40 मिनट की अवधि में देवघर से मुंबई तक का सफर तय कर सकेंगे। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के अनुसार, नए साल में देवघर से गुवाहाटी और हैदराबाद के लिए भी सीधी फ्लाइट सेवा शुरू होगी।
कम समय में कर पाएंगे बाबा के दर्शन
बता दें कि भगवान शिव के 12 प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर में स्थित है। साथ ही यहां माता का शक्तिपीठ और बाबा बासुकीनाथ मंदिर भी मौजूद हैं। इन कारणों से देवघर धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में मशहूर है। यहां सालों भर भक्तों का आना-जाना लगा रहता है। सावन के महीने में यहां बड़ी संख्या में भक्त बाबा का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। ऐसे में देवघर-मुंबई के बीच सीधी विमान सेवा शुरू होने से भक्तों को बाबा के दर्शन करने में भी सहूलियत होगी।
क्या होगा फ्लाइट का किराया
वहीं, अगर इस फ्लाइट के किराये की बात करें तो प्रत्येक यात्री को देवघर से मुंबई जाने के लिए करीब 8,591 रुपये खर्च करने होंगे। जबकि मुंबई से देवघर आने का किराया प्रति व्यक्ति 8,400 रुपये होगा। जानकारी हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 जुलाई, 2022 को देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। मुंबई से पहले दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, पटना और रांची जैसे शहरों से देवघर के लिए सीधी विमान सेवा शुरू हो चुकी है।
