logo

हिमाचल में मौत की खाई : आदिवासी पहाड़ी इलाके में ट्रैवलर बस गिरने से 15 के मरने की खबर 

deathhh.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल के सोझा क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक भयावह हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बस में सवार करीब 15 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोझा और घ्यागी के बीच हुआ, जहां बस गहरी खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि सभी यात्री पर्यटक थे और जलोड़ी जोत घूमकर वापस लौट रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही अधिकांश लोगों के बचने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।


मौसम और फिसलन बना काल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, खराब मौसम और सड़कों पर फिसलन के कारण वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ। पहाड़ी इलाके में संकरी और खतरनाक सड़कों ने हादसे की गंभीरता और बढ़ा दी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन ने पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सुरक्षा और मौसम के खतरों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।


 

Tags - ACCIDENT BUS TRAGEDY HIMALAYA TOURISTSDEATHS RESCUE WEATHER VALLEY DISASTER