logo

ताजपोशी : 21 मार्च को होगा योगी सरकार का शपथ ग्रहण, विपक्षी नेताओं को भी भेजा जाएगा न्योता

21 मार्च को होगा योगी सरकार का शपथ ग्रहण, विपक्षी नेताओं को भी भेजा जाएगा न्योता

डेस्क: 

21 मार्च को योगी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। योगी आदित्यनाथ दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 32 सालों बाद ये मौका आया है जब कोई मुख्यमंत्री लगातार दूसरी बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनेगा। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जायेगा। समारोह की तैयारियां जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक 20 मार्च की शाम तक तैयारियां पूरी कर लेने का निर्देश दिया गया है। मंथन जारी है। 

कई केंद्रीय मंत्री बनेंगे समारोह का हिस्सा
गौरतलब है कि योगी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई अन्य केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। सभी बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने की संभावना है। संघ के पदाधिकारी भी समारोह में शामिल हो सकते हैं। बीजेपी ने कहा है कि विपक्षी नेताओं को भी न्योता भेजा जाएगा। 

विपक्षी नेताओं को भी भेजा जायेगा न्योता
बताया जा रहा है कि योगी सरकार के दूसरे शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, मायावती और मुलायम सिंह यादव को न्योता भेजा जाएगा। केंद्र में कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी न्योता भेजा जायेगा। 

विधानसभा चुनाव में मिली एतिहासिक जीत
बता दें कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने हालिया संपन्न यूपी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की। भारतीय जनता पार्टी को प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 255 सीटें जीतीं। बीजेपी ने 2017 के चुनाव में कुल 312 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस लिहाज से पार्टी को 59 सीटों का नुकसान झेलना पड़ा है। हालांकि भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। तकरीबन 32 साल बाद किसी सरकार ने दोबारा वापसी की है।