द फॉलोअप डेस्क
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने बहुमत से ज्यादा सीटें जीत दर्ज कर ली है। जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे । वहीं, हरोली से कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री उपमुख्यमंत्री होंगे। शनिवार को विधानसभा परिसर शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद सीएम पद के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री पद के लिए मुकेश अग्निहोत्री के नाम का एलान किया गया। सुखविंदर सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ समारोह के लिए तैयारियां शुरू हो गईं हैं। सुक्खू के गांव सेरा में जश्न का माहौल है। माता संसार देई, पत्नी कमलेश ठाकुर और दोनों बेटियां फूली नहीं समा रही हैं।

विधायक दल की बैठक बाद हुए एलान
हालांकि, इससे पहले चुनाव पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान स्थित सिसिल होटल में हर विधायक से अकेले-अकेले मुलाकात की। पांच बजे विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई। बैठक के बाद प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम का एलान किया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ला को विधायक दल की बैठक के बाद सीएम के नाम का एलान करने को कहा था।

गांव में जश्न का माहौल
हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बारे में एलान होने के बाद उनके गांव सेरा में जश्न का माहौल है। वहीं माता संसार देई, पत्नी कमलेश ठाकुर और दोनों बेटियों में खुशी देखी जा रही है।