logo

मां की हत्या कर रसोई में दफनाया शव, 57 दिन बाद जमशेदपुर से गिरफ्तार हुआ आरोपी बेटा

मां की हत्या कर रसोई में दफनाया शव, 57 दिन बाद जमशेदपुर से गिरफ्तार हुआ आरोपी बेटा

द फॉलोअप डेस्क, जमशेदपुर:

ओडिशा के पुरी में अपनी मां की हत्या कर किराए के मकान की रसोई में शव दफनाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे 40 वर्षीय आरोपी मदन गजानन दलेई को पुलिस ने झारखंड के जमशेदपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब 57 दिनों तक गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।

बंद कमरे से बरामद हुआ था महिला का शव

पुलिस ने बताया कि यह मामला पुरी के कुंभारपाड़ा इलाके का है। 24 अगस्त को एक किराए के मकान से दुर्गंध आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी थी। जांच के दौरान मकान के एक बंद कमरे से अन्नपूर्णा का शव बरामद हुआ। वह अपने बेटे मदन गजानन दलेई के साथ इस मकान में रह रही थीं। आरोपी मूल रूप से गजपति जिले का निवासी बताया गया है। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की। उसकी खोज ओडिशा के अलावा झारखंड, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में भी की गई।

मोबाइल का इस्तेमाल कम कर बदलता रहा ठिकाना

पुरी के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी बेहद कम करता था जिससे उसकी तलाश करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का लगातार विश्लेषण किया और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी का पता लगाया। आखिरकार उसे जमशेदपुर में गिरफ्तार कर लिया गया, जहां वह एक दुकान में काम कर रहा था।

हत्या की वजह अब भी साफ नहीं

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है लेकिन उसने अपनी मां की हत्या करने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की है। पुलिस अब हत्या के उद्देश्य और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। करीब दो महीने तक फरार रहने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी से जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, हत्या के कारणों का खुलासा होना अभी बाकी है।

Tags - Odisha Crime Puri Murder Case Jamshedpur Arrest Mother Murder Case Son Arrested