logo

महाराष्ट्र : शिंदे आज अकेले जायेंगे मुंबई, बाकी विधायक सीधा शपथ ग्रहण में होंगे शामिल

शिंदे आज अकेले जायेंगे मुंबई, बाकी विधायक सीधा शपथ ग्रहण में होंगे शामिल

डेस्क:
महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन की कवायद शुरू हो चुकी है। करीब दो हफ्ते पहले शुरू हुई महाराष्ट्र की राजनीतिक उठापटक अब खत्म होने की ओर है। शिवसेना सत्ता से बाहर हो गई है और भाजपा पार्टी में सरकार बनाने के लिए बैठकें शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि एक बैठक देवेंद्र फडणवीस के आवास पर भी चल रही है।  इस बैठक के बाद आज फडणवीस और एकनाथ शिंदे के बीच भी मुलाकात हो सकती है। जिसमें मंत्री पदों और सरकार की संभावित तस्वीर पर चर्चा होगी। बाग़ी विधायक एकनाथ शिंदे आज मुंबई आ रहे हैं, लेकिन बाकी विधायक सीधे शपथग्रहण में शामिल होंगे।

शिवसेना सत्ता के लिए पैदा नहीं हुई, सत्ता शिवसेना के लिए पैदा हुई है-राउत 
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा- शिवसेना सत्ता के लिए पैदा नहीं हुई, सत्ता शिवसेना के लिए पैदा हुई है। ये बाला साहेब का मंत्र रहा है। हम वापस काम करेंगे और फिर अपने दम पर सत्ता में आएंगे। हमें अपनों ने धोखा दिया। अपने लोगों ने खंजर घोंपा।

बुधवार देर रात उद्धव ने दिया इस्तीफा 
उद्धव ठाकरे बुधवार रात को  करीब सवा 11 बजे इस्तीफा देने राजभवन के लिए निकले थे। उनके साथ कार में दोनों बेटे आदित्य और तेजस ठाकरे भी थे। उद्धव जब राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने पहुंचे तो राज्यपाल ने उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था बनने तक अपने पद पर बने रहने को कहा है।