द फॉलोअप डेस्क
केरल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार अभियान के बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर के काफिले पर हमले की घटना सामने आई है। राहत की बात यह रही कि थरूर इस हमले में सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके गनमैन को चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, मलप्पुरम जिले में थरूर का काफिला वंडूर में एक चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान थिरुवल्ली चेलिथोडू पुल के पास कुछ लोगों ने उनके काफिले को रोक लिया। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार कुछ युवकों ने काफिले का पीछा किया और सुरक्षा कर्मियों के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। स्थिति तब बिगड़ गई जब थरूर के गनमैन ने हस्तक्षेप किया। इस दौरान हमलावरों ने उनके साथ हाथापाई की, जिसमें वह घायल हो गए। गनमैन की शिकायत के आधार पर वंडूर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है और दो वाहनों को जब्त किया है। मुख्य आरोपी उमर, जो कलिकावु का निवासी बताया जा रहा है, के खिलाफ गैर-जमानती मामला दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है, जिससे कुल आरोपियों की संख्या पांच तक पहुंच गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमले के पीछे के मकसद की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस घटना में और लोग शामिल थे या नहीं।

इस घटना ने चुनावी माहौल में नेताओं की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। खासकर केरल जैसे संवेदनशील राजनीतिक माहौल वाले राज्य में इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में नेताओं की सुरक्षा और कड़ी की जा सकती है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।