दिल्ली:
हिमालय की गोद में बसी आबादियां हर साल बर्फबारी और भूस्खलन के संकट से जूझती हैं। सेना के लिए खासकर सर्दी के मौसम में पहाड़ी और ऊंचे क्षेत्रों में बहुत मुश्किल होती है। ताजा खबर अरुणाचल प्रदेश से आ रही है। यहां हिमस्खलन में सेना के सात जवान चपेट में आ गए हैं। इनका पता नहीं चल पाया है। हालांकि रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। बता दें इस तरह की घटनाएं आम हैं। कई जवान अपनी जान तक गंवा चुके हैं।

सेना की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक जवान एक गश्ती दल में शामिल थे। रविवार को हिमस्खलन में फंस गए। सहायता के लिए विशेषज्ञों के दल को हवाई मार्ग से पहुंचाया गया है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी जारी है। इसका सीधा असर बचाव कार्य पर भी पड़ सकता है।

मई 2020 में सिक्किम में हिमस्खलन की चपेट में आने से सेना के दो जवानों की मौत हो गई थी। वर्ष 2021 के अक्टूबर के महीने में सेना ने अपने पांच जवानों को खोया था। उत्तराखंड में माउंट त्रिशूल पर हिमस्खलन में नौसेना के पांच जवान फंस गए थे, जहां वे एक अभियान के लिए गए थे।