दिल्ली:
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की सेहत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टर्स ने शुक्रवार को बताया कि उनके लिए अगले 3 दिन यानी 72 घंटे अहम हैं। डॉक्टर्स ने यह भी बताया कि अभी उनके तबीयत में पहले से थोड़ा सुधार देखा गया है। देर रात से उनकी बॉडी में मूवमेंट देखा जा रहा है। राजू श्रीवास्तव के लिए डॉक्टर्स का एक पैनल लखनऊ PGI से भी भेजा गया है। राजू श्रीवास्तव की बहन सुधा श्रीवास्तव ने रक्षाबंधन के दिन आईसीयू में उन्हें राखी बांधी और भाई के जल्द स्वस्थ होने और लंबी उम्र की प्रार्थना भी की।
खुद से पैर मोड़ रहे।
राजू का इलाज कर रहे कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. संदीप सेठ ने बताया कि वे बीच-बीच में खुद से पैर मोड़ रहे हैं। उनके हाथ-पैर की उंगलियां भी मूवमेंट कर रही हैं। राजू के PRO गर्विंत नारंग ने बताया कि उन्हें अभी वैंटिलेटर सपोर्ट पर ही रखा गया है। ब्रेन अब भी सही तरीके से रिस्पॉन्स नहीं कर रहा है। राजू की बेटी अंतरा ने बताया कि उनके पिता की हालत में कोई सुधार नहीं आया है। हम बस दुआ कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि वो जल्दी ही ठीक हो जाएंगे। बता दें कि राजू श्रीवास्तव बुधवार की सुबह वर्कआउट के लिए जिम गए थे। वहां अचानक सीने में दर्द हुआ और गिरकर बेहोश हो गए। इसके बाद तुरन्त उन्हें दिल्ली के AIIMS में एडमिट कराया गया। वहा पता चला कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है।

प्रधानमंत्री मोदी और योगी सहित कई सितारों ने जाना हाल
रात करीब 10 बजे PM नरेंद्र मोदी ने फोन कर राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा से बात की और स्वास्थ्य के बारे में हालचाल जाना। प्रधानमंत्री ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लगातार हेल्थ का अपडेट ले रहे हैं। सिंगर सोनू निगम ने भी राजू की पत्नी से बातचीत की। सोनू ने कहा कि वे देश से बाहर हैं। जैसे ही भारत पहुंचेंगे, सबसे पहले उनसे मिलने आएंगे। सोनू ने राजू के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। कॉमेडियन जॉनी लिवर ने भी उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है।
अब सिर्फ एक ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत
बताया जा रहा है कि राजू के सपोर्ट में लगे दो ऑक्सीजन सिस्टम में से अब सिर्फ एक लगाया गया है। शुक्रवार सुबह एक ऑक्सीजन सपोर्ट हटा लिया गया है। अब उनको कम ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत पड़ रही है। आज सुबह से राजू को ऑक्सीजन का सपोर्ट सिर्फ 40% दिया जा रहा है। इससे पहले राजू 50% ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। राजू की पत्नी ने सुबह उनके पैर के तलवों में उंगली लगाई तो राजू ने खुद से उंगलियां मोड़ीं।
10 साल में 3 बार एंजियोप्लास्टी हुई
राजू श्रीवास्तव की 10 साल में तीन बार एंजियोप्लास्टी हो चुकी है। पहली बार 10 साल पहले मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल में और 7 साल पहले मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में हुई थी। इसके बाद बुधवार को तीसरी बार डॉक्टरों ने राजू श्रीवास्तव की एंजियोप्लास्टी की है, लेकिन अभी उनका ब्रेन रिस्पॉन्स नहीं कर रहा है।