डेस्क :
नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग जांच में प्रवर्तन निदेशालय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दूसरे दिन पूछताछ के लिए बुलाया था। राहुल पूछताछ के लिए ED दफ्तर पहुंच गए हैं। आज लगातार दूसरे दिन उनसे पूछताछ होगी। सोमवार को उनसे 10 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई थी। इस बीच कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला, उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत समेत कई नेताओं को कांग्रेस दफ्तर के बाहर से पुलिस ने हिरासत में लिया है। वे सभी ईडी दफ्तर की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे। कांग्रेस दफ्तर और ईडी मुख्यालय के आसपास पुलिस ने धारा 144 लगा रखी है।

प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने बीजेपी नेताओ का नाम गिनाकर पूछा है कि ED हिमंता विस्वा सरमा या येदियुरप्पा को क्यों नहीं बुलाती ? कांग्रेस पार्टी आज भी समन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करेगी।

बीजेपी उद्योगपतियों के एजेंट के तौर काम कर रही है -सुरजेवाला
सुरजेवाला ने कहा कि बीजेपी मीडिया और वाट्सएप यूनिवर्सिटी का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उद्योगपतियों के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं और उन्हें विदेशों में ठेके दिला रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि क्रोनोलॉजी समझिए, बीजेपी ने हमला बोला है क्योंकि राहुल गांधी जनता की आवाज उठाते हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने राहुल और कांग्रेस पर हो रही करवाई को बेरोजगारों और गरीबों पर भी हमला बताया।
