सोनीपत:
पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा हरियाणा के सोनीपत में हुआ। सोनीपत पुलिस ने घटना की पुष्टि की। गौरतलब है कि दीप सिद्धू पंजाबी अभिनेता और मॉडल हैं। पिछले साल 26 जनवरी को किसान आंदोलन के दौरान लाल किले में हुई हिंसा मामले में उनका नाम सामने आया था। दीप सिद्धू पर भीड़ को उकसाने और हिंसा के लिए प्रेरित करने का आरोप लगा था।
सोनीपत में किस जगह हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात अभिनेता दीप सिद्धू की कार कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर पिपली टोल के पास खड़े एक ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि सिद्धू की कार के परखच्चे उड़ गये। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दीप सिद्धू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका हालत खतरे से बाहर है।

सोनीपत के पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया
घटना के बारे में जानकारी देते हुए सोनीपत के पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने बताया कि हमें जानकारी मिली थी कि सड़क हादसे के बाद 2 लोगों को अस्पताल लाया गया है। इनमें से एक की पहचान दीप सिद्धू के रूप में हुई। दीप का इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि महिला का इलाज जारी है। वो अब खतरे से बाहर है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हम छानबीन कर रहे हैं।

दीप सिद्धू के भाई की शिकायत पर केस दर्ज
इधर मामले में दीप सिद्धू के भाई सुरजीत की शिकायत पर सोनीपत पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शिकायत में कहा गया है कि आगे चल रहे ट्रक ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाया जिसकी वजह से दुर्घटना हो गई। सोनीपत पुलिस ने मामले में IPC की धारा 279 (रैश ड्राइविंग) और 304A (लापरवाही से मौत) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।