द फॉलोअप डेस्क
अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारत और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद पीएम नेरेंद्र मोदी 18 दिसंबर रविवार को नॉर्थ ईस्ट का दौरा करेंगे। जानकारी के अनुसार पीएम मेघालय और त्रिपुरा का दौरा करेंगे। जहां गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित की जाएगी। जिसमें असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा, राज्यपाल और सभी सातों राज्यों के मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी उत्तर पूर्वी परिषद के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे और राज्य सम्मेलन केंद्र, शिलांग में उत्तर पूर्वी परिषद की बैठक में भाग लेंगे। जिसके बाद पीएम शिलांग में एक सार्वजनिक समारोह में कई परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद वह अगरतला जाएंगे और एक सार्वजनिक समारोह में विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से करेंगे बातचीत
त्रिपुरा के सूचना और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सुशांत चौधरी ने कहा, महाराजा बीर बिक्रम (MBB) हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री का स्वामी विवेकानंद मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। जिसके बाद वे कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी बातचीत करेंगे। इस दौरान विधायकों और मंत्रियों के साथ भी बातचीत होने की संभावना है।
