द फॉलोअप डेस्क:
पीएम मोदी ने नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के लोकसभा में गिरने को लेकर कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों की कड़ी आलोचना की। पीएम ने कहा कि हम बिल पास कराने के लिए जरूरी 66 फीसदी सदस्यों का वोट हासिल नहीं कर पाए, लेकिन हमें इल्म है कि देश की 100 फीसदी नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे पास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी की स्वार्थी राजनीति और हठधर्मिता का खामियाजा हमेशा देशहित को भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि देखकर हैरानी होती है कि नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के लोकसभा में पास नहीं होने पर कांगेस और उसके सहयोगी दल खुशी से ताली बजा रहे थे।
महिलाओं का अधिकार छीनकर मेज थपथपा रहे थे। पीएम ने कहा कि सदन में विपक्ष ने जो किया, वह टेबल पर थाप नहीं बल्कि महिलाओं के स्वाभिमान, आत्मसम्मान पर और गरिमा पर चोट थी।
महिलायें अपना अपमान कभी नहीं भूलती
पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष ने महिला शक्ति को हल्के में लिया है, लेकिन उनको अंदाजा नहीं कि महिलायें सबकुछ भूल जाती हैं पर अपमान नहीं भूलती। जब वे अपने इलाके में इन नेताओं को देखेंगी तो याद करेंगी कि इन्होंने ही महिला आरक्षण को रोकने का जश्न मनाया था। उन्होंने कहा कि विपक्ष महिला आरक्षण को रोकने के पाप का भुगतान करेगा। महिलाओं ने सबकुछ देखा है और विपक्ष की मंशा भांप गई हैं। पीएम मोदी ने कांग्रेस समेत अन्य दलों पर संविधान निर्माताओं का अपमान करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष ने देश की नारी शक्ति को उनका हक और अधिकार देने के सरकार के ईमानदार प्रयासों की भ्रूण हत्या कर दी है। महिलाओं की आकांक्षाओं की इस भ्रूण हत्या का पाप कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी को लगेगा। उन्हें प्रायश्चित करना होगा।

किसी से कुछ छीनने का बिल नहीं था
पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक विगत 40 साल से लंबित था. यह किसी से कुछ छीनने का बिल नहीं था, बल्कि इस बिल के जरिये सबको कुछ ना कुछ मिलता। 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की ओर कदम बढ़ा रहे थे। उन्होंने कहा यह भारी की महिलाओं को नया अवसर, नई उड़ान देकर उनकी प्रगति के रास्ते से बाधाएं हटाने का बिल था। नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम देश की आधी आबादी को भारत की प्रगति में सहयात्री बनाने का बिल था।

पीएम ने कांग्रेस को एंटी-रिफॉर्म पार्टी बताया
कांगेस को एंटी-रिफॉर्म दल बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उसने प्रवासियों को अधिकार देने वाला सीएए कानून रोका, आर्टिकल 370, वन नेशन-वन इलेक्शन, वन रैंक-वन पेंशन, कांग्रेस वक्फ बोर्ड रिफॉर्म, डिजिटल पेमेंट और जीएसटी जैसे जरूरी बदलावों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की एंटी-रिफॉर्म मानसिकता की वजह से हमारा देश दशकों तक पिछड़ा हुआ रहा।