दिल्ली:
जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिला स्थित लेठपोरा में साल 2019 में शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। सीआरपीएफ के एडीजी दलजीत सिंह चौधरी ने कहा कि आज हम 2019 में पुलवामा हमले में शहीद हुए 40 सीआरपीएफ जवानों को याद कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सद्भाव बनाये रखना है।
पीएम मोदी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सीआरपीएफ के शहीद 40 जवानों को श्रद्धांजलि दी। कहा कि मैं 2019 में आज के दिन पुलवामा में शहीद हुए सभी लोगों को श्रद्धांजलि देता हूं। देश के लिए उनकी उत्कृष्ट सेवा का स्मरण करता हूं। पीएम ने कहा कि उनकी बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक भारतीय को एक मजबूत और समृद्ध देश के निर्माण की दिशा में काम कर रहे हैं।

सीआरपीएफ काफिले में हुआ आतंकी हमला
बता दें कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के काफिल में आत्मघाती हमला हुआ था। हमले में काफिले में शामिल एक बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। हमले में बस में सवार सभी 40 जवानों की मौत हो गई थी। हमले की शिकार हुई बस के आगे-पीछे चल रही अन्य बसों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा था। गौरतलब है कि काफिले में कुल 70 बसें थी। हैरानी की बात थी कि जवानों के पास हथियार नहीं था। वहीं, काफिले के साथ एस्कॉर्ट भी नहीं था।

जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी हमले की जिम्मेदारी
गौरतलब है कि हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। हमले के कुछ दिनों बाद 26 फरवरी 2019 को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी सीमा के भीतर बालाकोट नाम के स्थान पर एयरस्ट्राइक किया था। दावा था कि एयरस्ट्राइक में 300 की संख्या में आतंकियों को मार गिराया गया था। इस हमले की जांच अभी भी एएनआई कर रही है।