द फॉलोअप डेस्कः
शिक्षा का महत्व अब लोग समझने लगे हैं। लोग यह समझ चुके हैं कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज का उत्थान संभव है। इसलिए तो मध्य प्रदेश के सतना में एक दुल्हन विदाई से पहले बीएड की परीक्षा देने परीक्षा हॉल पहुंच गई थी। अब इस दुल्हन की काफी चर्चा हो रही है साथ ही लोग उसकी खूब तारीफ भी कर रहे हैं। दुल्हन जब तक परीक्षा देती रही तब तक दूल्हा एग्जाम सेंटर के बाहर सजी-धजी कार में दुल्हन का इंतजार करता रहा। दरअसल सोमवार की रात शादी हुई थी। सारी रस्म होने के बाद विदाई की जब घड़ी आई तो दुल्हन पहले ससुराल नहीं गई। वह अपने परीक्षा हॉल गई। उसने वहां पेपर हल किया और फिर लौट कर मैरिज गार्डन आई जहां विदाई की रस्में पूरी की गईं। लड़की का नाम नमिता है।

ससुरालवालों ने इच्छा का मान रखा
नमिता बीएड फाइनल ईयर की छात्रा हैं और 5 जून को उनकी शादी नागौद के बिलौन्धा गांव के रहने वाले हीरेन्द्र अवधिया के साथ हुई थी। 6 जून को विदाई होनी थी लेकिन इसी दिन नमिता का बीएड का फाइनल पेपर था उसने विदाई से पहले फाइनल पेपर देने की इच्छा जाहिर की तो पति हीरेन्द्र के साथ ही ससुरालवालों ने भी उसकी इस इच्छा का मान रखा। विदाई रोक दी गई और फिर दुल्हन बनी नमिता शादी के ही जोड़े में सेहरा बांधे अपने साजन हीरेन्द्र के साथ परीक्षा देने पहुंची। पेपर खत्म होने के बाद नमिता पति हीरेन्द्र के साथ घर पहुंची और तब कहीं जाकर उसकी विदाई हुई।

जीवन साथी ने दिया साथ
नमिता यह इसलिए कर पाई क्योंकि उसके पति हीरेन्द्र ने उसका साथ दिया। दुल्हन के जोड़े में नमिता आई तो दूल्हा हीरेन्द्र भी शेरवानी और पगड़ी में उसे लेकर परीक्षा दिलाने गया। नमिता जब तक परीक्षा दे रही थी तब तक हीरेन्द्र बाहर बैठ कर उसका इंतजार करता रहा। दोपहर 12 बजे जब पेपर खत्म हुआ । दरअसल कल जो परीक्षा हुई वह 29 मई को होने वाली थी लेकिन ऐन वक्त पर यह 6 जून होना तय हुआ। नमिता ने यह जानकारी हीरेन्द्र को दी। हीरेन्द्र ने नमिता को भरोसा दिलाया कि शादी की रस्में भी पूरे विधान से होंगी और वह समय पर परीक्षा हॉल भी पहुंचेगी।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N