श्रीनगर:
जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर स्थित बरौम इलाके में एक सेना का एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। भारतीय वायु सेना का चिता हेलिकॉप्टर बर्फीली वादियों में क्रैश हो गया था। हादसा शुक्रवार की दोपहर को हुआ। हेलिकॉप्टर में पायलट और सह-पायलट सवार थे। दुर्घटना में हेलिकॉप्टर के सह पायलट मेजर संकल्प यादव की मौत हो गई जबकि पायटल गंभीर रूप से घायल है।

दुर्घटना में को-पायलट ने तोड़ा दम
दुर्घटना के बारे में जानकारी देते हुए सेना के पीआरओ ने बताया कि दुर्घटना में बुरी तरह घायल हेलिकॉप्टर के सह-पायलट 29 वर्षयी संकल्प यादव ने सेना के 92-बेस हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। सेना ने ऑफिशियल बयान में कहा कि वायु सेना के बहादुर अधिकारी मेजर संकल्प यादव 2015 में कमीशन किया गया था। वो मूलरूप से राजस्थान के जयपुर के रहने वाले थे। परिवार में उनके पिता हैं।

क्रैश में घायल पायलट की हालत गंभीर
सेना ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि दुर्घटना में घायल पायलट की हालत गंभीर है। हालांकि, उनकी हालत स्थिर है। उनको फिलहाल 92 बेस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है जहां आईसीयू में उनका इलाज किया जा रहा है। सेना के अधिकारियों ने ये भी कहा है कि हेलिकॉप्टर क्रैश के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जायेगी।