logo

आज सीबीआई कोर्ट में लालू परिवार की पेशी, लालू, राबड़ी और मीसा पर हो सकते हैं आरोप तय

आज सीबीआई कोर्ट में लालू परिवार की पेशी, लालू, राबड़ी और मीसा पर हो सकते हैं आरोप तय

द फॉलोअप डेस्कः 
नौकरी के बदले जमीन मामले में लालू परिवार की आज कोर्ट में पेशी है। यह पेशी दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में होगी। इस मामले में 15 मार्च को सुनवाई हुई थी। उस दिन कोर्ट लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और मीसा भारती को जमानत दे दी थी। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 29 मार्च को रखी थी। इसी कड़ी में राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती दिल्ली की अदालत में पेश होने पहुंचीं। लालू यादव पेशी के लिए नहीं आए हैं। अदालत में आज इस केस में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती पर आरोप तय करने के बिंदु पर बहस होगी।


क्या है मामला 
गौरतलब है कि साल 2004 से 2009 के दौरान रेल मंत्री रहते लालू यादव पर अपने करीबियों को ग्रुप-डी में नौकरी के बदले जमीन लेने का आरोप है। इस मामले में पिछले दिनों सीबीआई ने लालू परिवार क सदस्यों से पूछताछ की थी। इसे बाद ईडी ने पटना, दिल्ली, रांची समेत कई जगहों पर छापेमारी की। ईडी ने लैंड फॉर जॉब स्कैम मामले में 24 ठिकानों पर छापा मारा था. ईडी ने ट्वीट करके बताया था कि छापेमारी में 1 करोड़ रुपये की नकदी, डेढ़ किलो से ज्यादा के सोने के गहने, 540 ग्राम सोना, अमेरिकी डॉलर समेत कई चीजें बरामद हुई। ईडी ने अभी तक 600 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का दावा किया है। ईडी के अनुसार, अपराध से बनाई संपत्तियों में से 350 करोड़ की अचल संपत्ति है, जबकि 250 करोड़ रुपये बेनामी लोगों के माध्यम से लालू यादव के परिवार के सदस्यों के पास आये थे। जानकारी के मुताबिक लालू यादव ने पत्नी राबड़ी, बेटी मीसा और रेलवे के अधिकारियों के साथ मिलकर इस घोटाले को अंजाम दिया था। इसलिए सबके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सीबीआई ने पिछले साल 18 मई को लालू यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सीबीआई ने इस मामले में अपनी इन्वेस्टिगेशन के बाद लालू परिवार के साथ 16 और लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया था। इसी केस में पिछले 6 मार्च को राबड़ी देवी और 7 मार्च को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से भी सीबीआई ने पूछताछ की थी।