दिल्ली:
यूक्रेन में फंसे एक भारतीय छात्र की मौत की सूचना है। मिली जानकारी के मुताबिक यूक्रेन के खारकीव शहर में फंसे भारतीय छात्र की रूसी गोलीबारी में मौत हो गई। कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि छात्र को रूसी सैनिकों ने गोली मार दी। छात्र की पहचान नवीन कुमार के रूप में की गई है। नवीन कुमार कर्नाटक के रहने वाले थे और यूक्रेन में एमबीबीएस चौथे वर्ष के छात्र थे। भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी भारतीय छात्र की मौत की पुष्टि की है।

विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर घटना की पुष्टि की है। उन्होंने लिखा कि गहरे दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि आज सुबह खार्किव में रूसी गोलीबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई। मंत्रालय उनके परिवार के संपर्क में है। अरिंदम बागची ने कहा कि हम मृत छात्र के परिवार के प्रथि अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम रूस और यूक्रेन की सरकार से बात करने की कोशिश कर रहे हैं।
With profound sorrow we confirm that an Indian student lost his life in shelling in Kharkiv this morning. The Ministry is in touch with his family.
— Arindam Bagchi (@MEAIndia) March 1, 2022
We convey our deepest condolences to the family.
यूक्रेन से निकलने की कोशिश
गौरतलब है कि नवीन कुमार भी अन्य भारतीय छात्रों की तरह यूक्रेन से निकलने की कोशिश में जुटे थे। यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार सुबह ही एडवाइजरी जारी करके कहा था कि सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अविलंब कीव छोड़ दें। सलाह दी गई थी कि वो यूक्रेनी रेलवे द्वारा चलाई जा रही रेलगाड़ियों या फिर किसी भी अन्य साधन द्वारा जितनी जल्दी हो सकें कीव छोड़ दें क्योंकि बड़ी संख्या में रूसी सैनिक कीव की तरफ बढ़ रहे हैं।

यूक्रेन और रूस के राजदूत तलब
इधर भारतीय विदेश सचिव ने यूक्रेन और रूस के राजदूतों को तलब किया है। उनसे मांग की गई है कि वे भारतीय नागरिकों को तत्काल सुरक्षित मार्ग उपलब्ध करवाएं। गौरतलब है कि राजधानी कीव सहित खार्किव और संबंधित प्रमुख शहरों में संघर्ष काफी तेज है। यूक्रेन और रूस स्थित भारतीय दूतावास भी इसी तरह का प्रयास कर रहा है।