दिल्ली:
मिशन गंगा के तहत भारतीय छात्रों को निकालने का सिलसिला जारी है। इस बीच एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली लौटे छात्रों ने अपना अनुभव साझा किया है। घर लौटने की खुशी उनके चेहरे पर साफ देखी जा सकती है। यूक्रेन से लौटी छात्रा आकांक्षा कहती हैं कि मैं घर वापस जाने के लिए बहुत उत्साहित हूं। खुशी है कि तनाव के पल बीते गये। छात्रा ने कहा कि मैं उम्मीद करती हूं कि यूक्रेन में सब लोग सुरक्षित हैं।

घर लौटकर अच्छा महसूस कर रहे हैं छात्र
एक अन्य छात्रा जेन्सी ने कहा कि मैं अपने परिवार से मिलने के लिए उत्साहित हूं। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं भारत से हूं। दूतावास सहित अन्य लोगों ने हमारी सहायता की। गौरतलब है कि यूक्रेन में फंसे अन्य छात्र विशेष उड़ानों के जरिये स्लोवाकिया की राजधानी कोसिसे से स्वदेश लौटने की तैयारी में हैं। एक छात्र ने कहा कि अच्छा लग रहा है। हम घर जाने वाले हैं। दूतावास ने हमारे लिए बहुत कुछ किया है। उन्होंने हमारे लिए रहने और खाने की व्यवस्था की।

भारतीय ने रोमानिया के लिए भेजी सहायता
इस बीच भारत ने रोमानिया के लिए राहत सामग्री भेजी है। भारतीय वायुसेना का विशेष विमान लगभग 6 टन सहायता सामग्री लेकर रोमानिया के लिए रवाना हुआ। गौरतलब है कि ये सहायता सामग्री रोमानिया में रह रहे भारतीय नागरिकों तथा छात्रों के लिए ये सहायता सामग्री भेजी गई है। गौरतलब है कि यूक्रेन से निकलने के बाद कई छात्र रोमानिया में शरण ले रहे हैं।
राजधानी कीव से निकल चुके हैं सभी भारतीय
इस बीच भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने सूचना दी है कि राजधानी कीव से सभी छात्रों को निकाल लिया गया है। खार्किव से भी अधिकांश भारतीयों को निकाला जा चुका है। जल्द ही इवेक्युएशन की प्रक्रिया समाप्त कर ली जायेगी।