दिल्ली:
यूक्रेन की राजधानी कीव में गोली लगने से घायल भारतीय नागरिक हरजीत सिंह के भारत लौटने का रास्ता साफ हो गया है। हरजीत सिंह को वायुसेना के विशेष विमान से भारत लाया जा रहा है। उनके साथ अन्य भारतीय नागरिकों को भी वायु सेना के विशेष विमान से वापस लाया जा रहा है। गौरतलब है कि हरजीत सिंह को 27 फरवरी को गोली लगी थी।

केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह ने इस बारे में ट्वीट भी किया। लिखा कि कीव में गोली लगने से घायल हुए भारतीय नागरिक हरजीत सिंह कल हमारे साथ भारत लौट जाएंगे। बता दें कि हरजीत सिंह को गोलीबारी में कई गोलियां लगी थी।
पौलेंड की तरफ आ रहे हरजीत सिंह को घायलावस्था में वापस कीव ले जाया गया था। वहीं एक अस्पताल में हरजीत सिंह का इलाज किया जा रहा था। इस दरम्यान, हरजीत सिंह ने एक वीडियो जारी किया था। कहा था कि दूतावास से किसी भी तरह का संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है। उन्होंने दूतावास से मदद नहीं मिलने की बात भी कही थी।

सोमवार पोलैंड की सीमा में किया प्रवेश
हरजीत सिंह ने सोमवार तड़क यूक्रेन की सीमा पार करके पोलैंड में प्रवेश किया। उनके साथ भारतीय राजनयिक भी थे। सीमा पर उनको पोलिश रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा प्रदान की गई एंबुलेंस में ट्रांसफर किया गया। इंडियन वर्ल्ड फोरम के अध्यक्ष पुनीत सिंह चंडोक ने ये जानकारी दी। बता दें कि इससे पहले भी एक भारतीय नागरिक को गोली लगी थी। गोली लगने से उस भारतीय छात्र की मौत हो गई थी।
यूक्रेन में 2 भारतीय छात्रों की मौत हो गई
बता दें कि यूक्रेन के खार्किव शहर में रहने वाले कर्नाटक के छात्र नवीन कुमार की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के समय नवीन स्टोर से खाने का सामान खरीदने निकले थे तभी रूसी सेना ने वहां गोलीबारी की। नवीन के अलावा एक और भारतीय छात्र की यूक्रेन में मौत हो गई। हालांकि, इस छात्र की मौत ब्रेन स्ट्रोक की वजह से हुई थी।