द फॉलोअप डेस्क
रविवार तड़के दिल्ली के विवेक विहार में एक चार-मंज़िला रिहायशी इमारत में आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। मरने वालों में एक एक साल का बच्चा भी शामिल है। पहली नज़र में, माना जा रहा है कि आग AC फटने की वजह से लगी। आग लगने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर 12 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। आग में मारे गए नौ लोगों में से पांच के शव इमारत की दूसरी मंज़िल से बरामद किए गए, जबकि तीन अन्य सीढ़ियों की मुमटी (छत पर बनी छोटी कोठरी) में मिले, जो अंदर से बंद थी। एक और व्यक्ति का शव पहली मंज़िल से बरामद किया गया। पहली मंज़िल पर जान गंवाने वालों में नवीन की पत्नी शिखा जैन (45) का शव मिला। दूसरी मंज़िल पर मारे गए लोगों में छोटे लाल के बेटे अरविंद (60), अनीता जैन (58), निशांत जैन (35), आंचल जैन (33) और एक साल का एक बच्चा शामिल हैं।

तीसरी मंज़िल पर मारे गए लोग एक ही परिवार के
तीसरी मंज़िल पर मारे गए लोग एक ही परिवार के थे। इसमें नितिन जैन (लगभग 50), उनकी पत्नी शैले जैन (लगभग 48), और उनके बेटे सम्यक जैन (लगभग 25)। नवीन जैन (48) घायलों में शामिल हैं। कुल मिलाकर, इस घटना में चार पुरुषों, चार महिलाओं और एक बच्चे की जान चली गई। हालांकि अब तक एक दर्जन से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन आशंका है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।

इस तरह फैली आग
पुलिस के अनुसार, आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंज़िल के अपार्टमेंट्स में फैल गई, जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया। इस जानलेवा आग का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। एक समाचार एजेंसी के अनुसार, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "आग बुझाने के अभियान के दौरान परिसर से लगभग 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।" अधिकारी ने आगे बताया कि उनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
