मुंबई:
आर्यन खान ड्रग्स केस के समय से ही भारत में नशे के कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बुद्धिजीवी इसे भारतीय युवा वर्ग में बढ़ती एक गंभीर बीमारी के रूप में पारिभाषित करते हैं। उनका ये दावा ताजा आंकड़ों से पुष्ट भी होता हुआ दिखता है। बीते पांच साल में नशीले पदार्थ के आयात और खपत के मामले जिस प्रकार बढ़े हैं वो वाकई चिंताजनक है।

एनसीबी ने दी क्या जानकारी
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के महानिदेशक एसएन प्रधान ने जानकारी दी है कि बीते पांच वर्षों में भारत में हेरोइन की जब्ती में कई गुना इजाफा हुई है। उन्होंने बताया कि जहां 2017 में 2 हजार 146 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई थी वहीं 2021 में इसकी मात्रा बढ़कर 7 हजार 282 किलोग्राम तक पहुंच गई है। ये तकरीबन 300 फीसदी की वृद्धि है।

अफीम की जब्ती में हुआ इजाफा
एनसीबी के महानिदेशक ने आगे बताया कि अफीम की जब्ती में भी काफी इजाफा दर्ज किया गया है। एनसीबी के महानिदेशक एसएन प्रधान ने बताया कि बीते पांच साल में अफीम की जब्ती में 172 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2017 में जहां 2 हजार 551 किलोग्राम अफीम जब्त किया गया था वहीं 2021 में 4 हजार 386 किलोग्राम जब्त किया गया।