logo

तमिलनाडु : तंजावुर में रथयात्रा के दौरान हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आए श्रद्धालु, 11 लोगों की मौत

तंजावुर में रथयात्रा के दौरान हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आए श्रद्धालु, 11 लोगों की मौत

तमिलनाडु: 

तमिलनाडु के तंजावुर में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक धार्मिक यात्रा के दौरान मंदिर का रथ हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आ गया। हादसे में 2 बच्चों समेत कुल 11 लोगों की मौत हो गई। 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का इलाज तंजावुर गर्वमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में किया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया है। वे घटना का जायजा लेने तंजावुर भी जाएंगे। 

 

कालीमेडु मंदिर में गुरुपूजा उत्सव मन रहा था
मिली जानकारी के मुताबिक तंजावुर के कालीमेडु मंदिर में 94वां गुरुपूजा उत्सा मनाया जा रहा था। उत्सव में शामिल होने के लिए श्रद्धालु मंगलवार रात से ही मंदिर परिसर में जुटने लगे थे। बुधवार तड़के रथयात्रा निकाली गई। रथ को फूलों और लाइट्स से सजाया गया था। लाइट्स को जलाए रखने के लिए एक जेनरेटर भी साथ रखा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब रथयात्रा एक मोड़ से होकर गुजरी तो उस पर खड़े लोग हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आ गये। रथ में आग लग गई। उत्सव में शामिल काफी लोग गंभीर रूप से झुलस गये। इनमें से 11 लोगों की मौत हो गई। 

पीएम राहत कोष से पीड़ितों को मिला मुआवजा
कहा जा रहा है कि पहले यहां इस आयोजन के दौरान इलाके की विद्युत सप्लाई बंद कर दी जाती थी। हालांकि, मंगलवार को ऐसा नहीं किया गया। इसी वजह से हादसा हो गया। तमिलनाडु सरकार के एक मंत्री सेंथिल बालाजी ने बताया कि जांच के लिए कमिटी का गठन किया गया है। रेवेन्यू सेक्रेटरी कुमार जयंत को कमिटी की अध्यक्षता सौंपी गई है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये दिए गये। घायलों को 50-50 हजार रुपये की राशि दी गई है।