द फॉलोअप डेस्क:
AC Bus Accident: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के अंबेडकरनगर (Ambedkarnagar) में शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से दरभंगा जा रही एक AC बस गोरखपुर (Gorakhpur) लिंक एक्सप्रेसवे पर अंबरपुर टोल प्लाजा (Amberpur Toll Plaza) के पास आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि बस ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी, इसी दौरान वह ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस सवार चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में फिलहाल एक की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला था। तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने और परिजनों से संपर्क करने में जुटी है।
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

तीनों घायल दरभंगा के रहने वाले
हादसे में घायल तीन यात्रियों की पहचान सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) के रूप में हुई है। तीनों दरभंगा, बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल और नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस अब हादसे की वजह की जांच कर रही है। साथ ही मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी जारी है।
यह भी पढ़ें: पटना में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट के नाम पर ठगी, APK फाइल डाउनलोड कराते ही खाते से उड़ाये 1.23 लाख